दीनदयाल रसोई में रोज 400-500 लोग करते हैं भरपेट स्वादिष्ट भोजन
भोपाल। राज्य सरकार की दीनदयाल रसोई योजना गरीब, श्रमिक और जरूरतमंद लोगों को मात्र 5 रूपये में भरपेट स्वादिष्ट भोजन कराने की मानवीय पहल हैं। नरसिंहपुर जिला मुख्यालय पर संचालित इस योजना में 2 लाख 26 हजार 667 गरीब और जरूरतमंद व्यक्ति अब तक भोजन कर चुके हैं। यहां प्रति-दिन पूर्वान्ह 11 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक 400-500 लोग भोजन करते हैं।
नरसिंहपुर जिले में यह योजना शिक्षण एवं सामाजिक संस्था 'प्रयास' के सहयोग से संचालित की जा रही हैं। नगर पालिका द्वारा भी दीनदयाल रसोई में कर्मचारियों की प्रति-दिन ड्यूटी लगाई जाती हैं। नरसिंहपुर में दीनदयाल रसोई योजना अस्पताल परिसर में संचालित की जा रही हैं। दूर-दराज से इलाज के लिए मरीज को लेकर आये परिजनों को यहां भोजन की सुविधा मिल जाती हैं। मजदूरी के लिए आने वालों और स्थानीय दिहाड़ी मजदूरों को भी 5 रूपये में भोजन मिलता हैं। समय-समय पर कलेक्टर, अन्य अधिकारी और जन-प्रतिनिधि रसोई की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हैं। जिले के विभिन्न वर्गों के लोग अपने परिजनों की स्मृति तथा बच्चों एवं बड़ों के जन्म-दिन पर भी यहां आकर गरीबों को भोजन कराते हैं।
यहाँ दीनदयाल रसोई परिसर के फर्श की हर घंटे सफाई की जाती हैं। पीने के पानी के लिए वाटर कूलर लगा हैं। भोजन कक्ष में 8 पंखों और 3 कूलरों की व्यवस्था की गई हैं। रसोई के सुचारू संचालन के लिए जिला मुख्यालय और जिले के अन्य स्थानों से सहयोग देने के लिए लोग आते हैं। अब तक लोगों द्वारा 500 रूपये से लेकर डेढ़ लाख रूपये तक की राशि रसोई में सहयोग के रूप में दी गई हैं। विधायक तेंदूखेड़ा संजय शर्मा ने दीनदयाल रसोई के लिए एक लाख 58 हजार रूपये सहयोग स्वरूप दिये हैं। सहयोग राशि देने वालों के लिये परिसर में दान पात्र लगाया गया हैं। बिना किसी दबाव के सामाजिक संगठन, क्लब और राजनैतिक दल सहयोग राशि देते हैं। रसोई में लोग सेवा भाव से कार्यों में हाथ बंटाते हैं और श्रमदान भी करते हैं।
दीनदयाल रसोई की संचालक संस्था 'प्रयास' के प्रमुख विक्रांत पटेल प्रतिदिन यहां सुबह 9 बजे पहुंच जाते हैं और अपनी देखरेख में भोजन तैयार करवाते हैं। वे भोजन की गुणवत्ता को परखते हैं और साफ- सफाई पर विशेष ध्यान देते हैं। साथ ही रसोई की निरंतर निगरानी भी करते हैं।
(खबरनेशन / Khabarnation)