पशुपालन क्रेडिट कार्ड योजना किसानों के लिए लाभकारी बना
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व सांसद सावित्री ठाकुर ने किसान सम्मान यात्रा में शामिल होने को एक सुखद अनुभूति बताया और कहा कि किसान सम्मान यात्रा में महिला कृषकों को पशुपालन क्रेडिट कार्ड योजना रास आ रही है। इससे प्रदेश की महिला किसान पशुपालक हरित क्रांति के साथ श्वेत क्रांति को नया आयाम देगी। महिला किसान बहनों ने किसान सम्मान यात्रा में बढ़ चढ़कर रूचि ली और गांव देहात की महिला कृषकों में पशुपालन क्रेडिट कार्ड चर्चा का विषय बन गया।
उन्होंने बताया कि पशुपालन क्रेडिट कार्ड पाकर महिलाओं में नया विश्वास जगा है। अक्सर पशु एक सीमित अवधि में दूध देते है। जिस अवधि में दुग्ध उत्पादन नहीं होता, पशुओं को आहार जुटाना कठिन हो जाता है। पशुपालन क्रेडिट कार्ड इस अवधि में पशुपालन में वित्तीय पोषण करेगा। महिलाएं ही आम रूप में पशु देखभाल करती है। इसलिए इस योजना का लाभ वे उठाने के लिए आगे आ रही है। पशुपालन क्रेडिट कार्ड योजना आरंभ करने के लिए किसान मोर्चा ने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के प्रति आभार व्यक्त किया है। (खबरनेशन / Khabarnation)