प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनभागीदारी से लोकतंत्र को मजबूत किया: शिवराजसिंह चौहान
संकल्प रथों को रवाना करने के साथ शुरू हुआ ‘‘भारत के मन की बात, मोदी के साथ’’ अभियान
खबरनेशन/Khabarnation
भोपाल। देश की जनता ने 2014 में जिस उम्मीद और विश्वास के साथ नरेंद्र मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए जनादेश दिया था, उन आकांक्षाओं को प्रधानमंत्री ने पूरा किया है। देश में अभूतपूर्व काम हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनभागीदारी से लोकतंत्र को मजबूत करने का काम किया है। इसी कड़ी को ‘‘भारत के मन की बात, मोदी के साथ’’ अभियान से आगे बढ़ाने का काम भारतीय जनता पार्टी ने अपने हाथ में लिया है। इस अभियान के माध्यम से लोकसभा चुनाव के लिए तैयार होने वाले संकल्प-पत्र के लिए देश की सवा सौ करोड़ जनता सुझाव देकर भागीदारी करेगी। यह बात भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को ‘‘भारत के मन की बात, मोदी के साथ’ अभियान के शुंभारंभ अवसर पर कही
‘भारत के मन की बात, मोदी के साथ’ अभियान का शुभारंभ रविवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने दिल्ली में किया था। राजधानी भोपाल में इस अभियान का शुभारंभ पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष व विधायक रामेश्वर शर्मा, विजेश लूणावत, प्रदेश महामंत्री विष्णुदत्त शर्मा, विधायक कृष्णा गौर, जिला अध्यक्ष सुरेन्द्रनाथ सिंह, महापौर आलोक शर्मा, सांसद गणेश सिंह की मौजूदगी में 29 संकल्प रथों को पार्टी का झंडा दिखाकर किया। चौहान ने महिला सशक्तीकरण को लेकर अपना सुझाव भी आकांक्षा पेटी में डाला।
राहुल गांधी अब मुख्यमंत्री हटाएं
शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और कमलनाथ ने झूठे वादे किए, किसानों को रंगीन सपने दिखाए। आदेश के नाम पर कागज के टुकड़े दिखाए और कर्जमाफी के नाम पर किसानों को रंगबिरंगे कागजों में उलझा दिया। उन्होंने राहुल गांधी को याद दिलाते हुए कहा कि आपने कहा था कि 10 दिन में अगर कर्जा माफ नहीं हुआ तो सीएम बदल दूंगा। अब उनकी सरकार को डेढ़ महीने से ज्यादा हो गया है। अब तक एक भी किसान का कर्जा माफ नहीं हुआ। राहुल गांधी अब मुख्यमंत्री हटाएं। उन्होंने कहा कि झूठी कर्जमाफी नहीं चलेगी।