बीजेपी की एजेंट राज्यपाल
कांग्रेस मीडिया सेल चेयरमेन शोभा ओझा ने लगाया आरोप
खबरनेशन/Khabarnation
भोपाल, प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग की अध्यक्ष शोभा ओझा ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल द्वारा लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ध्यान रखने की बात करते हुये नजर आने पर एतराज जताया है। ओझा ने राज्यपाल के इस कृत्य पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा है कि अगर उन्हें बीजेपी का कार्यकर्ता बनकर काम करना है तो वे अपना इस्तीफा देकर लोकसभा चुनाव लड़ें। उन्होंने कहा कि यह पहला मौका नही है। इससे पहले भी वे चित्रकूट दौरे के वक्त सतना एयरपोर्ट पर भाजपा पदाधिकारियों को जीत का मंत्र देते हुए विवादों में आई थीं।
ओझा ने कहा कि विंध्य में दो दिवसीय दौरे पर गई राज्यपाल आनंदीबेन पटेल शनिवार को गुढ़ स्थित सोलर पाॅवर प्लांट का निरीक्षण करने पहुंची थीं। निरीक्षण के बाद उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात की। जब गांव के लोगों ने उनसे मांग की कि सोलर पाॅवर प्लांट में स्थानीय युवाओं को रोजगार दिया जाए तो उन्होंने इस संबंध में अधिकारियों को सूची बनाने को कहा और जाते-जाते ग्रामीणों से उन्होंने साफ शब्दों में कहा-मोदी साहब का ध्यान रखो...। इस दौरान पूर्व मंत्री एवं भाजपा विधायक राजेन्द्र शुक्ला व के.पी. त्रिपाठी भी वहां मौजूद थे।
शोभा ओझा ने कहा कि राज्यपाल बीजेपी की कार्यकर्ता की तरह काम कर रही हैं। राज्यपाल को बीजेपी की कार्यकर्ता बनकर ही काम करना है तो पद से इस्तीफा दें और जाकर लोकसभा चुनाव लड़े। शोभा ओझा ने कहा कि पहले भी राज्यपाल ने विधानसभा में अभिभाषण के दौरान बीजेपी के प्रति निष्ठा दिखाई थी। कांग्रेस के कर्जमाफी के बिन्दु को पढ़ा ही नहीं और बिना भाषण में लिखे बीजेपी के नारे को पढ़ दिया। ओझा ने कहा कि संवैधानिक पद की मर्यादा को ध्यान में रखते हुए राज्यपाल को अपने पद से तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए।