भाजपा सरकार जाने का दुख है जनता कोः शिवराजसिंह चौहान

राजनीति Jan 29, 2019

खबरनेशन/Khabarnation  

पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 2003 में जब दिग्विजय सिंह की सरकार गई थी तब लोगों में प्रसन्नता का माहौल था, जनता खुशियां मनाती थी। लेकिन आज हमारी सरकार जाने से जनता में तकलीफ दिखाई देती है। पिछले सवा महीने में मैं प्रदेश में जहां से भी गुजरा वहां जनता के बीच अजीब सा वातावरण है। पुरानी सरकार जाने की टीस और तकलीफ देखने को मिली। चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने अपने वचन-पत्र में सभी किसानों का 2 लाख रू. तक का ऋण माफ करने की बात कही थी और आज अलग-अलग श्रेणियां बना दीं। अलग-अलग रंगों के फार्म भरवाकर यह सरकार रंग बदल रही है। उन्होंने कहा कि 22 फरवरी तक 80 लाख किसानों के खातों में सरकार पैसा डालकर उनका कर्ज माफ करे, वरना कर्जमाफी पर हम सरकार की ईंट से ईंट बजा देंगे। चौहान ने कहा कि प्रदेश में किसान ओला-पाला से पीड़ित है लेकिन इनकी सुध लेने मुख्यमंत्री और कोई भी मंत्री इनके खेतों में नहीं पहुंचे। मुख्यमंत्री दिल्ली, दावोस और छिंदवाड़ा तक सीमित होकर रह गए है। उन्होंने बीते दिनों वंदे-मातरम्, भावांतर योजना जैसे अनेक विषयों पर सरकार के यूटर्न लिए जाने की बात करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार में गुंडों की हिम्मत इतनी बढ़ गई है कि खुजनेर में राष्ट्रीय पर्व पर हुए विवाद में बेटियों को पीटा गया। बच्चों को बचाने वालो पर ही मुकदमें दर्ज किए गए। चौहान ने कहा कि विधानसभा की हार, लोकसभा की जीत के रूप में पूरी होगी। हम 29 की 29 सीटों पर पार्टी को विजयश्री दिलाने के लिए संकल्प लेकर जुटें।

Share:


Related Articles


Leave a Comment