मुख्यमंत्री कमलनाथ का पूर्व मंत्री भगवानसिंह यादव द्वारा आभार व्यक्त
समन्वय भवन का नाम अब सुभाष यादव भवन होगा, यादव समाज भवन के लिये जमीन आवंटित होगी
किसानों, सहकारिता पदाधिकारियों और यादव समाज में हर्ष व्याप्त
खबरनेशन/Khabarnation
ग्वालियर, प्रदेश कांगे्रस सहकारिता प्रकोष्ठ के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री भगवानसिंह यादव ने समन्वय भवन का नाम सहकारिता पुरूष स्वर्गीय सुभाष के नाम पर करने के लिये प्रदेश के किसानों और सहकारिता पदाधिकारियों की ओर से मुख्यमंत्री कमलनाथ का आभार प्रकट किया है। उन्होंने यादव समाज के भवन के लिये शासकीय भूमि के आवंटन के लिये भी यादव समाज की ओर से कमलनाथ को धन्यवाद दिया है।
यादव ने कहा है कि सहकारिता के माध्यम से लोगों को जोड़ने में स्वर्गीय सुभाष यादव के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनकी अगुवाई में सहकारी आंदोलन की नीव मजबूत हुई। समन्वय भवन की परिकल्पना को सुभाष यादव ने ही मूर्त रूप दिया और उनके कार्यकाल में इसका निर्माण हुआ। यह एक बड़ी उपलब्धि है और आज सभी महत्वपूर्ण कार्यक्रम शहर के मध्य बने समन्वय भवन में ही आयोजित होते हैं।
यादव ने कहा कि कल समन्वय भवन में आयोजित यादव महासभा के सम्मेलन में मैंने किसानों और सहकारिता पदाधिकारियों के मंतव्य से मुख्यमंत्री कमलनाथ को कराया था और उन्होंने मेरे सुझाव हो स्वीकारते हुए तत्काल समन्वय भवन का नाम सुभाष यादव भवन कर दिया। इसी तरह कैबिनेट मंत्री हर्ष यादव ने जैसे ही यादव समाज के भवन के लिये जमीन आवंटित करने का आग्रह मुख्यमंत्री से किया वैसे ही कमलनाथ जी ने सहर्ष शासकीय जमीन आवंटित करने की घोषणा कर दी।
मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं से किसानों सहित सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश भर के कार्यकर्ताओं और यादव समाज के प्रतिनिधियों में हर्ष व्याप्त है। इस अवसर पर कृषि मंत्री सचिन यादव एवं कैबिनेट मंत्री हर्ष यादव और विधायक संजय यादव सहित यादव समाज के प्रदेश भर से आये तमाम पदाधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित थे।