गौसंरक्षण का वादा झूठा, भूख और ठंड से गायों की मौत दुखद और दर्दनाकः राकेश सिंह

राजनीति Jan 29, 2019

खबरनेशन/Khabarnation   

भोपाल। गौ माता के प्रति कांग्रेस का प्रेम सिर्फ दिखावा था और गौमाता के संरक्षण का वचन सिर्फ चुनावी वादा था। यदि सरकार गायों की दुर्दशा के प्रति वास्तव में संवेदनशील होती, तो प्रदेश में गायें इस तरह भूख और ठंड के कारण दम नहीं तोड़ रही होतीं। पंचायत स्तर तक नई गौशालाएं खोलने की बात करने वाली सरकार भाजपा सरकार द्वारा स्थापित किए गए सालरिया गौ अभ्यारण्य को ही ठीक से नहीं संभाल पा रही है। इस गौ अभ्यारण्य में एक दिन में आधा सैकड़ा गायों का भूख और ठंड से तड़पकर मर जाना बेहद दर्दनाक और दुखद है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने मंगलवार को आगर मालवा जिले के सालरिया गौ अभ्यारण्य में बीते दो दिनों में हुई गायों की मौतों पर प्रतिक्रिया देते हुए कही।

भारतीय जनता पार्टी की सरकार अपने कार्यकाल में गौ संरक्षण की मंशा से आगर मालवा जिले के सालरिया में गौ अभ्यारण्य की स्थापना की थी। एक दिन में इस अभ्यारण्य में भूख और ठंड के चलते बड़ी संख्या में गायों की मौत हुई है। अभ्यारण्य में गायों की दुर्दशा पर दुख जताते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि सालरिया गौ अभ्यारण्य में गायों का रखरखाव उचित तरीके से नहीं किया जा रहा है। न तो उन्हें पर्याप्त मात्रा में चारा उपलब्ध कराया जा रहा है और न ही गौ माता को भीषण शीतलहर में ठंड से बचाने के इंतजाम ही किए गए हैं। सिंह ने कहा कि सरकार अभी तक इस अभ्यारण्य में मौजूद गायों का भौतिक सत्यापन तक नहीं करा पाई है। सरकार की लापरवाही के चलते ही अभ्यारण्य में लगातार गायों की मौतें हो रही हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ कांग्रेस सरकार प्रदेश की जनता को बरगलाने के लिए हर पंचायत स्तर पर गौशाला खोलने की बात करती है, वहीं सरकार के रवैये के चलते भाजपा सरकार द्वारा स्थापित गौ अभ्यारण्य गायों के लिए शमशान बनकर रह गया है। सिंह ने कहा कि सरकार गायों को ठंड से बचाने तथा चारा-पानी के लिए तत्काल इंतजाम करे, वरना भारतीय जनता पार्टी जनजागरण के माध्यम से प्रदेश की जनता के सामने सरकार के गौसंरक्षण के ढोंग को बेनकाब कर देगी।

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment