मुख्यमंत्री सुन लें, कार्यकर्ताओं पर जुल्म हुआ तो सरकार नहीं चलने देंगे : शिवराजसिंह चौहान

राजनीति Jan 29, 2019

पूर्व मुख्यमंत्री ने जूस पिलाकर तुड़वाया प्रीतम लोधी और उनकी पत्नी का अनशन

खबरनेशन/Khabarnation  

शिवपुरी। हम हिंसा में विश्वास नहीं रखते। लेकिन मुख्यमंत्री सुन लें, सरकार सुन ले और प्रशासन भी सुन ले। अगर हमारे कार्यकर्ताओं पर जुल्म हुआ, उनके साथ अन्याय हुआ, तो हम इस सरकार को चलने नहीं देंगे। अगर पिछोर की जनता व मेरे कार्यकर्ता की ओर उंगली उठी और झूठे मुकदमे दर्ज किये गए तो मैं जनता व कार्यकर्ताओं पर अन्याय बर्दाश्त नहीं करुंगा और पिछोर की जनता के साथ मुख्यमंत्री के निवास का भी घेराव करूंगा। यह चेतावनी मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराजसिंह चौहान ने जिले के पिछोर में आयोजित जनसभा में दी। पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने सभा में उपस्थित जनसमुदाय को अन्याय के खिलाफ संघर्ष का संकल्प दिलाते हुए पिछले 9 दिनों से अनशन पर बैठे पार्टी कार्यकर्ता प्रीतम लोधी और उनकी पत्नी का अनशन भी तुड़वाया।

हम यहां संघर्ष का शंख फूंकने आए हैं

पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बहनो-भाइयो,  हम यहां संघर्ष का शंख फूंकने आए हैं। प्रदेश की कांग्रेस सरकार द्वारा किए जा रहे अन्याय की अति हो गई है और जुल्म की पराकाष्ठा हो गई है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकारें बनती हैं, बिगड़ती हैं। लेकिन अगर हमारी सरकार नहीं बन पाई, तो क्या भाजपा कार्यकर्ताओं पर जुल्म ढाए जाएंगे। ये कैसा लोकतंत्र है, लोकतंत्र में तो असली मालिक जनता होती है। लेकिन प्रदेश की कांग्रेस सरकार जनता पर जुल्म कर रही है। लोगों की गुमठियों को हटाया जा रहा है। उन पर झूठे मुकदमे लादे जा रहे हैं, यह कैसा लोकतंत्र है। चौहान ने कहा कि हमारी दो ही मांगें हैं। झूठे मुकदमे वापस लिए जाएं और जनता तथा कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज करना बंद किया जाए। चौहान ने मंच से ही जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन भी दिया। 

Share:


Related Articles


Leave a Comment