प्याज कहां ऊगता है, ये पता नहीं और कर रहे किसानों की बात : मुख्यमंत्री
खबरनेशन/Khabarnation
उज्जैन जिले में जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा
तराना। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी आज किसानों के हित की बात कर रहे हैं। कांग्रेस और उसके नेता अपने-आपको किसानों का सबसे बड़ा शुभचिंतक बता रहे हैं, लेकिन उनको यह भी नहीं पता कि प्याज जमीन के नीचे ऊगता है या ऊपर। कांग्रेस और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष पर मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने यह सोमवार को जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान तराना और नागदा विधानसभा क्षेत्रों आयोजित सभाओं में कहा। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि प्रदेश में जब कांग्रेस की सरकार थी, तब विकास के काम क्यों नहीं किए ?
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की जन आशीर्वाद यात्रा सोमवार को उज्जैन जिले की तराना विधानसभा के गांवों में पहुंची। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान सोमवार सुबह माकड़ौन पहुंचे और यात्रा की शुरुआत की। हेलीपेड से लेकर सभा स्थल के बीच मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए ग्रामीणों में खासा उत्साह था। कहीं ढोल-नगाड़ों से, तो कहीं पुष्पवर्षा के द्वारा मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। इस दौरान मंच पर भाजपा के वरिष्ठ नेता सत्यनारायण जटिया, बाबूलाल जैन, सांसद डॉ. चिंतामणि मालवीय, विधायक अनिल फिरोजिया, यात्रा प्रभारी जगदीश अग्रवाल, जिलाध्यक्ष श्याम बंसल, अशोक कटारिया सहित पार्टी के अन्य नेतागण मौजूद थे।