नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने झूठे प्रकरण दर्ज करने पर सीधी में किया धावा बोलो आंदोलन

राजनीति Sep 11, 2018

खबरनेशन/Khabarnation  
हत्या की झूठी साजिश रचके मुख्यमंत्री ने किया विंध्य की धरती और यहां के लोगों का अपमान


 भोपाल, नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह के नेतृत्व में सीधी में हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धावा बोलो आंदोलन कर राज्यपाल के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम जनता को मुख्यमंत्री के रथ पर कथित रूप से पत्थर फेंकने पर दर्ज झूठा प्रकरण वापस लेने और निर्दोषों को तत्काल रिहा करने की मांग की है। नेता प्रतिपक्ष सिंह ने इस मौके पर विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने विंध्य की धरती, संस्कृति, संस्कार और यहां की जनता का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि न मेरे और न यहां की जनता के ऐसी शिक्षा या संस्कार हैं कि वे पत्थर फेंकें।

      नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि 2 सितंबर को विंध्य की धरती पर शिवराज सिंह चैहान ने अपनी डूबती नैया को बचाने के लिए प्रतिशोध की राजनीती की मंशा से अपनी हत्या की खुद ही साजिश रचके विंध्य की धरती को कलंकित किया है। उन्होंने कहा कि यहां की जनता अगले चुनाव में इसका करारा जवाब देगी। सिंह ने मुख्यमंत्री को चेताया कि वे हार की बौखलाहट से इतना संयम न खोयें कि मध्यप्रदेश की स्वस्थ्य राजनैतिक, परंपरा ही कलंकित हो जाए। झूठे गवाह, झूठी कहानी गढ़कर मुख्यमंत्री ने यह साबित कर दिया है कि वे अगले चुनाव में अपनी हार सुनिश्चित मान रहे हैं। इसलिए वे संघ और भाजपा के असली चेहरे के साथ घटिया और ओछी हरकतों पर उतर आये हैं।

       सिंह ने हाल ही में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हुई आजादी के बाद सबसे बड़ी वृद्धि पर कहा कि भाजपा लोगों का शोषण करने वाली पार्टी है यही कारण है कि 70 साल तक इस देश की जनता ने उस पर विश्वास नहीं किया। जब लोगों को गुमराह करके, षड़यंत्र, साजिश करके झूठी बातें फैलाकर उन्होंने जनता का विश्वास तो हासिल कर लिया लेकिन 1 साल में ही उन्हें दिखाए झूठे सपनों को चकनाचूर कर दिया। मंहगाई चरम पर है। देश की जनता के घर का बजट मोदी सरकार ने 4 साल में ही बिगाड़ दिया। उन्होंने लोगों का आव्हान किया कि अब वक्त आ गया है कि भाजपा को सरेआम धोखाधड़ी करने पर अगले चुनाव में करारा जवाब दें।

      नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह के नेतृत्व में हजारों कांग्रेसियों ने कलेक्टर कार्यालय तक पैदल मार्च किया। कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर राज्यपाल के नाम पर ज्ञापन सौंपा।

Share:


Related Articles


Leave a Comment