मैं कहता हूं जनता की जिंदगी बदलो, वे कहते हैं शिवराज बदलो : मुख्यमंत्री
खबरनेशन/Khabarnation
o मुख्यमंत्री ने कहा-आपको तय करना है प्रदेश विकास के रास्ते पर जाए या विनाश के
o बैतूल में जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान आप के 1000 कार्यकर्ताओं ने ली भाजपा की सदस्यता
o मुलताई में मुख्यमंत्री ने किया 400 करोड़ की लागत वाले पारसडोह डैम का लोकार्पण
बैतूल /मुलताई। मैं लोगों की जिंदगी बदलना चाहता हूं और उसी के मिशन पर निकला हूं। लेकिन कांग्रेसी कहते हैं हमें शिवराज को बदलना है। अब यह जनता को तय करना है कि वह विकास के उस रास्ते पर चलना चाहती है, जिस पर भाजपा की सरकार ने पिछले 15 सालों में कदम बढ़ाए हैं, या फिर उस विनाश के रास्ते पर चलना चाहती है, जहां कांग्रेस प्रदेश को ले जा रही थी। यह बात मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने मंगलवार को बैतूल जिले में आयोजित विभिन्न सभाओं में कही। बैतूल में सभा के दौरान राजेश सरेआम के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी के एक हजार कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की, वहीं मुख्यमंत्री ने मुलताई में 400 करोड़ की लागत वाले पारसडोह डेम का लोकार्पण भी किया।
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की जन आशीर्वाद यात्रा मंगलवार को बैतूल जिले में पहुंची। यात्रा की शुरुआत मुलताई से हुई। यहां हेलीपैड पर पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री का काफिला हेलीपैड से सभा स्थल के रवाना हुआ। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री जब सभा स्थल पर पहुंचे, तो वहां उपस्थित लोक कलाकारों ने परंपरागत गोंडी नृत्य से मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने हाल ही में बनकर तैयार हुए 400 करोड़ रुपए की लागत वाले पारसडोह डेम के मॉडल का लोकार्पण किया। मां ताप्ती की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने सभा को संबोधित किया।