जनता की सेवा हमारा लक्ष्य, उसकी जिंदगी में बदलाव के लिए राजनीति करते हैं: शिवराज सिंह
खबरनेशन/Khabarnation
खंडवा, बुरहानपुर जिले में पहुंची मुख्यमंत्री की जनआशीर्वाद यात्रा
मुख्यमंत्री ने किया 745 करोड़ की बिंजलवाड़ा परियोजना का भूमिपूजन
खण्डवा/बुरहानपुर। हम सत्ता के लिए राजनीति नहीं करते। शिवराज सिंह और भारतीय जनता पार्टी जनता की जिंदगी में बदलाव लाने के लिए राजनीति करते हैं। हमारा एक मात्र लक्ष्य प्राणों से प्यारी जनता की सेवा करना है, चाहे इसके लिए मेरे प्राण ही क्यों न चले जाएं। मैं जियूँगा तो जनता के लिए और मरना पड़े तो मरूँगा भी जनता के लिए। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने बुधवार को निमाड़ अंचल के भीकनगांव में सभा को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री की जनआशीर्वाद यात्रा बुधवार सुबह खंडवा जिले के भीकनगांव से शुरू हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बिंजलवाड़ा उद्वहन सिंचाई परियोजना के लिए भूमिपूजन भी किया।
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की जनआशीर्वाद यात्रा बुधवार को निमाड़ के खंडवा और बुरहानपुर जिलों में पहुंची। यात्रा की शुरुआत में मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से खंडवा जिले के भीकनगांव पहुंचे। हेलीपेड पर भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने मुख्यमंत्री का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। यहां सभा के संबोधन से पहले मुख्यमंत्री ने नर्मदा नदी पर बनने वाली 745 करोड़ रुपए की लागत वाली बिंजलवाड़ा उद्वहन सिंचाई परियोजना के लिए भूमिपूजन किया। बिना भू-अर्जन के भूमि सिंचित करने वाली निमाड़ की पहली इस योजना से 129 गांवों की 50 हजार हेक्टेयर से अधिक भूमि सिंचित होगी। इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने भीकनगांव में जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री चौहान ने आज निमाड़ के भीकनगांव, खकनार, बुरहानपुर, असीरगढ़, बोरगांव, पंधाना और खण्डवा में जनता से संवाद किया।