पार्टी को मां मानते हैं भाजपा के संस्कारित, अनुशासित कार्यकर्ता : राकेश सिंह
खबरनेशन/Khabarnation
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने ली सीधी-सिंगरौली जिले की संयुक्त बैठक
सीधी। भारतीय जनता पार्टी में ही ऐसे कार्यकर्ता हैं, जो पार्टी को अपनी मां मानते हैं। भाजपा का हर कार्यकर्ता संस्कारित और अनुशासित होता है। केवल जीत हमारा लक्ष्य होना चाहिए। दूसरे राज्य मध्यप्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं से प्रेरणा लेते हैं और पूरा देश मध्यप्रदेश की ओर देख रहा है। इसलिए कार्यकर्ता चौथी बार प्रदेश में भाजपा सरकार बनाने का संकल्प लें। यह बात बुधवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने सीधी और सिंगरौली जिले के कार्यकर्ताओं की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए कही। प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने भारत माता, पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्जवलन तथा 11 कन्याओं की पूजन कर बैठक का शुभारंभ किया।
राकेश सिंह ने कहा कि इन दिनों प्रदेश का परिदृश्य उत्साह बढ़ाने वाला है। हमारे कार्यकर्ता काफी उत्साहित हैं, प्रदेश में बड़ी संख्या में भव्य कार्यक्रम हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी का जो विशाल स्वरूप देखने को मिल रहा है, यह यात्रा आसान नहीं थी। लम्बे संघर्ष, चुनौतियों का सामना करते हुए अनेक पड़ावों से गुजरकर पार्टी यहां तक पहुंची है। आज हमें इस बात का गर्व है भाजपा दुनिया का सबसे बडा राजनैतिक दल है। भाजपा के संघर्ष का इतिहास भले ही नई पीढी को न मालूम हो, लेकिन वरिष्ठजन अतीत को अच्छे जानते हैं।