मैं जनता की जिंदगी बदलने के अभियान पर निकला हूं : मुख्यमंत्री
खबरनेशन/khabarnation अलीराजपुर-झाबुआ जिले में पहुंची मुख्यमंत्री की जन आशीर्वाद यात्रा
अलीराजपुर। मैं जनता की जिंदगी बदलने के अभियान पर निकला हूँ। मेरा एकमात्र लक्ष्य प्रदेश की गरीब जनता की सेवा करना है। मध्यप्रदेश को आगे बढ़ाने के लिए मुझे आपका सहयोग चाहिए। यह बात सोमवार को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने अलीराजपुर में जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान ग्रामीणों से संवाद स्थापित करते हुए कही। अलीराजपुर में मुख्यमंत्री की जनआशीर्वाद यात्रा का आत्मीय स्वागत किया गया। कहीं आदिवासियों ने परंपरागत ढोल-मांदल बजाकर, तो कहीं बच्चों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के मुखौटे लगाकर यात्रा की आगवानी की।
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की जनआशीर्वाद यात्रा प्रदेश के आदिवासी अंचल में स्थित अलीराजपुर पहुंची। यहां आयोजित मुख्यमंत्री के रोड शो के दौरान शहर की सड़कों पर लोगों की खासी भीड़ उमड़ी। इस दौरान जगह-जगह पर मुख्यमंत्री का स्वागत हुआ, तो घरों के छज्जों से भी फूल बरसाए गए। यहां आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने जनता को पिछले सालों में भाजपा सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्यों का स्मरण कराया। इसके अलावा उन्होंने सभा में उपस्थित लोगों को आने वाले चुनाव में भाजपा को जिताने का संकल्प भी दिलाया। मुख्यमंत्री जी ने उपस्थित जनता से अपील करते हुए कहा कि अगर हमने मेहनत और ईमानदारी से गरीबों की सेवा तथा आदिवासियों का कल्याण किया है, तो आने वाले चुनाव में कमल का बटन दबाना है, भाजपा को विजयी बनाना है।