दीनदयाल जी की 102 वी जयंती पर महाकुंभ में चौथी विजय का संकल्प लेंगे कार्यकर्ता: राकेश सिंह
खबरनेशन/Khabarnation महाकुंभ के लिए भूमिपूजन 3 को, बूथों पर 17 को होंगे आनलाइन रजिस्टेशन
भोपाल। केंद्र में हमारी सरकार है, देश के कई राज्यों में हमारी पूर्ण बहुमत वाली सरकारें हैं और मध्यप्रदेश में भी हम लगातार चौथी बार सरकार बनाएंगे। 21 वीं सदी भारतीय जनता पार्टी की सदी है। यह दावा सोमवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह ने प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में किया। सिंह ने 25 सितम्बर को भेल के जंबूरी मैदान पर आयोजित किए जा रहे पार्टी के कार्यकर्ता महाकुंभ की जानकारी भी मीडिया से साझा की।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने सोमवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि पं. दीनदयाल जी की 102 वीं जयंती पर प्रदेश में चौथी बार सरकार बनाने के संकल्प के साथ पार्टी तीसरे कार्यकर्ता महाकुंभ का आयोजन करने जा रही है। महाकुंभ 25 सितम्बर को भेल के जंबूरी मैदान पर होगा और इसके लिए भूमिपूजन 3 सितम्बर को जन्माष्टमी के दिन किया जाएगा और इसी दिन से महाकुंभ के लिए स्थापित कंट्रोल रूम भी काम करना शुरू कर देगा। उन्होंने बताया कि इस बार महाकुंभ के लिए कार्यकर्ताओं के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन भी होंगे और बूथ स्तर पर पन्ना प्रमुख से ऊपर के कार्यकर्ता और पदाधिकारी इसमें भाग लेंगे। इसके लिए 17 सितंबर को एक साथ बूथ स्तर पर रजिस्ट्रेशन किया जाएगा।
सिंह ने बताया कि इस आयोजन में व्यवस्था की जिम्मेदारी भोपाल एवं आसपास के जिलों के कार्यकर्ताओं पर रहेगी और आयोजन के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व, प्रदेश पदाधिकारी, मंत्री, जिला एवं बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि पिछली दो बार की तरह इस बार जनआशीर्वाद यात्रा का समापन कार्यकर्ता महाकुंभ में नहीं होगा, बल्कि वह चुनाव तक निरंतर जारी रहेगी। इस महाकुंभ के लिए हर संभाग के कार्यकर्ताओं को अलग-अलग रंग की प्रवेशिका दी जायेगी। महाकुंभ के लिए विशेष गीत और लोगो तैयार करने का काम भी चल रहा है।