कांग्रेस ने किया झूठा शिलान्यास, भाजपा कर रही काम: शिवराजसिंह चौहान
खबरनेशन/Khabarnation अलीराजपुर क्षेत्र की जनता से सीधा संवाद करते हुए मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि आप लोगो ने कहा कि अलीराजपुर को जिला बनाओ, मैंने अलीराजपुर को जिला बनाया। शानदार कलेक्ट्रेट भवन बनाया, कन्या शिक्षा परिसर आईटीआई, पॉलिटेक्निक, महाविद्यालय खोला। खेतों में सिंचाई के लिए जो दुनिया मे कहीं नहीं हुआ, वो काम यहाँ पर किया। सिंचाई के लिए नर्मदा से पाइपलाइन के जरिए पानी लाने के लिए 2 हजार 280 करोड़ की योजना बनाई जिसका काम चल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र के मेहनती किसान भाईयों को इस पाइपलाइन से कई फायदे मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि माँ नर्मदा का पानी जब अलीराजपुर के खेतों तक पहुँचेगा, तो ऐसी फसल पैदा होगी कि अलीराजपुर जिला पंजाब को भी मात देगा। उन्होंने कहा कि अंचल के लोगों के लिए सड़क, पानी, बिजली का बेहतर से बेहतर इंतजाम भाजपा सरकार ने किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस का विकास से कोई नाता नहीं है। ये कांग्रेसी आये और झूठा-झूठा रेल का शिलान्यास कर गए। लालू भैया को भी ले आये और पत्थर गाड़ गए। ये तो पत्थर गाड़ कर चले गए, लेकिन छोटा उदयपुर से अलीराजपुर होते हुए धार तक की रेलवे लाइन भाजपा की सरकार बना रही है।