रोशनलाल जी जैसे तपस्वियों के कारण ही आज विचार परिवार का वटवृक्ष खड़ा है : राकेश सिंह
खबरनेशन/Khabarnation भोपाल। सरस्वती शिशु मंदिर योजना के संस्थापक एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक स्व. रोशनलाल सक्सेना को आज भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।
यहां विद्या भारती कार्यालय में आयोजित शोक सभा में राकेश सिंह ने कहा कि रोशनलाल जी जैसे तपस्वियो को देखकर ही कार्यकर्ता अविचल, अविरल कार्य करने के लिए प्रेरित होता है और इसी कारण आज हमारा विचार परिवार एक वटवृक्ष के रूप में खड़ा हुआ है। रोशनलाल जी ने सरस्वती शिशु मंदिरों की स्थापना कर उन्हें आज जिस उत्कृष्ट स्वरूप में पहुंचाया है वह इस बात का संदेश देता है कि किसी भी प्रकार के संसाधनों के अभाव, प्रतिज्ञा को पूर्ण करने में बाधक नहीं होते। शिशु मंदिर की स्थापना उसको गतिमान करना और इन उंचाईयों तक पहुँचाना उनके जैसे मनीषियों की तपस्या का परिणाम है। इसी कारण आज देश में बच्चों को सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित शिक्षा दे पाना संभव हो रहा है। उनकी स्मृतियां आने वाली पीढ़ियों तक लोगों को प्रेरणा देती रहेगी।