प्रदेश में चल रहा है जंगल राज:अजय सिंह

राजनीति Aug 05, 2018

खबरनेशन/Khabarnation

गढ़ा कोटा में भाजपा कार्यकर्ता के पक्ष में चार अदालतों के फैसले के बाद भी हो रहे अवैध निर्माण को लेकर

नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने की राजस्व मंत्री से मुलाकात

भोपाल, नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा है कि मध्यप्रदेश में जंगलराज की स्थापना शिवराज सरकार ने कर दी है। उन्होंने कहा कि गढ़ाकोटा में भाजपा कार्यकर्ता की निजी भूमि पर नगरपालिका द्वारा कब्जा कर किए जा रहे अवैध निर्माण के खिलाफ लोअर कोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट ने फैसला दे दिया इसके बाद भी मंत्री गोपाल भागर्व के दबाव में सारे फैसलों और नियमों को दरकिनार कर मल्टी काम्पलेक्स बनवाया जा रहा है। इसका लोकार्पण 19 जुलाई को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह द्वारा किया जाना प्रस्तावित है। इस संबंध में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने राजस्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता से मुलाकात कर इसकी जांच करवाने और तत्काल अदालत के आदेशानुसार निजी जमीन पर निर्माण कार्य रूकवाने को कहा है।

          नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा है कि भाजपा शासन के 15 साल पूरे होने के बाद अब प्रदेश अराजकता की ओर बढ़ रहा है। सिंह ने कहा कि गढ़ाकोटा में बस स्टैंड के पास नगरपालिका द्वारा एक निजी भूमि पर अवैध रूप से मल्टी काम्पलेक्स बनाया जा रहा है। यह भूमि भाजपा कार्यकता राकेश नायक की है। जो मंत्री गोपाल भार्गव जी का गढ़ाकोटा में रामबाग और बजरंग बाग में बूथ एजेंट भी है पर इसकी भी जमीन को नहीं बख्शा जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ता ने इसके लिए लोअर कोर्ट में रिट दायर की] जिसपर कोर्ट ने उसके पक्ष में फैसला दिया। इसके बाद सेशन कोर्ट और हाईकोर्ट और अब सुप्रीम कोर्ट ने भी फरियादी के पक्ष में ही फैसला सुनाया। पर इसके बाद भी नगरपालिका गढ़ाकोटा इन सभी अदालतों की अवमानना कर 24 घंटे निर्माण कार्य जारी रखे हुए हैं। इस निर्माण कार्य के खिलाफ भी स्टे ले लिया इसे भी नगरपालिका ने रद्दी की टोकरी में फेंक दिया। सिंह ने कहा कि क्या यह जंगलराज नहीं है। उन्होंने कहा कि जब भाजपा सरकार में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ही ऐसा हो रहा है तो आज प्रदेश की जनता कितना सफर कर रही है। इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।

           सिंह ने कहा कि तत्काल इस निर्माण कार्य पर रोक लगे। नायक को उनकी जमीन वापस मिले और अदालत की अवमानना करने पर संबंधितों पर सख्त कार्यवाही हो।

Share:


Related Articles


Leave a Comment