प्राकृतिक आपदा के समय पार्टी और सरकार किसानों के पीछे चट्टान की तरह खड़ी
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री अजयप्रताप सिंह ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय भारतीय जनता पार्टी और पार्टी किसानों के साथ चट्टान की तरह खड़ी है। किसान पुत्र मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान प्रदेश के ओला प्रभावित अंचल में पहुंच रहें है और फसलों को पहुंची क्षति का जायजा ले रहें है। ओला, बेमौसम जलवृष्टि प्रभावित जिलों में कलेक्टर द्वारा सर्वे दल तैनात कर दिए गए है जिससे किसानों को हुई नुकसानी की दशा में राहत दी जा सके। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया लगभग 23 जिलों के 621 गांवों में 27 हजार हेक्टेयर की फसलें क्षतिग्रस्त हुई। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि जहां 50 प्रतिशत से अधिक क्षति पहुंची है वहां 30 हजार रूपए प्रति हेक्टेयर की राहत दी जायेगी। फसल बीमा और राहत राशि से किसानों को पर्याप्त राहत पहुंचेगी।
उन्होंने कहा कि ओला, बेमौसम बारिश से काश्तकारों को जो क्षति फसलों को पहुंची है उसके सर्वेक्षण के नतीजों और राहत में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अभिनव व्यवस्था की गयी है। सर्वेक्षण दल किसानवार पंचायत क्षेत्र की किसानवार फसलों की क्षति का आंकलन पंचायत के सूचना पटल पर प्रदर्शित करेंगे। जो किसान इससे सहमत नहीं होंगे वे पंचायत में आपत्ति दर्ज कर संशोधन कर सकेंगे। ओला पीड़ित किसान की कन्या के हाथ पीले करने में भी शिवराजसिंह चौहान सरकार ने उनके आंगन में कन्यादान योजना की सुविधाएं पेश करने का भरोसा दिलाया है। वसूली स्थगित होने के साथ, डिफाल्टर किसानों का ब्याज सरकार वहन कर रही है। इससे डिफाल्टर पुनः जीरो प्रतिशत ब्याज पर मर्ज के हकदार बनाए जा रहें है।
सिंह ने कहा कि ओला प्रभावित किसानों को तत्काल राहत पहुंचाने के प्रति राज्य सरकार की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मुख्यमंत्री ने ओला प्रभावित किसानों से भेंट करने और मौके पर जायजा लेने के बाद केन्द्र सरकार का दरवाजा भी खटखटा दिया है और केन्द्रीय सरकार ने मध्यप्रदेश में किसानों को पहुंची क्षति को गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री ने ऐलान किया है कि भले ही विकास के लिए राज्य को वैकल्पिक व्यवस्था करना पड़े किसानों के चेहरों पर शिकन नहीं पहुँचने दी जायेगी। सरकार किसान को हर संभव राहत देने के लिए प्रतिबद्ध है। (खबरनेशन / Khabarnation)