मुंगावली और कोलारस में भाजपा ही विजयी होगी
अशोकनगर। मुंगावली और कोलारस दोनों विधानसभा के उपचुनाव में पार्टी ने दो प्रमुख कार्यकर्ताओं को चयन कर इस चुनावी भूमि में उतारा है। क्षेत्र में प्रचार के दौरान स्पष्ट समझ में आ रहा है कि जनता का भाजपा को भारी जनसमर्थन मिल रहा है, क्योंकि इन दोनों सीटों पर कांग्रेस के विधायक थे और सांसद भी कांग्रेस के हैं। पिछले साढ़े चार वर्षों में इन दोनों क्षेत्रों में विकास थमा इसलिए क्षेत्र की जनता यह जानती है कि प्रदेश में शिवराज सरकार है और केन्द्र में मोदी सरकार है। इन दोनों क्षेत्रों में विकास की नई ईबारत लिखने तथा रुका हुआ विकास पूरा करने के लिए जनता भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में अपना मत देने का मन बना चुकी है। यह बात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने आज अशोकनगर में पत्रकारों बंधुओं से चर्चा के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि जनता का प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति अटूट विश्वास है। केन्द्र और प्रदेश की सरकार द्वारा प्रदेश में चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का गरीबों को लाभ मिल रहा है। जनता जानती है कांग्रेस के जमाने में गरीबों को इन्दिरा आवास योजना के तहत एक गांव में केवल एक कुटीर मिलती थी लेकिन अब एक-एक पंचायत में सौ-सौ आवास गरीबों को मिल रहे हैं। उज्जवला योजना का लाभ जनता को सीधे मिल रहा है। कांग्रेस के जमाने में जो योजनाएं नहीं चलीं अब भारतीय जनता पार्टी शासित मध्यप्रदेश में इन योजनाओं के चलने से मध्यप्रदेश में समृद्धि आई है। सिंचाई की क्षमता बढ़ी है, सडकों का जाल बिछा है पानी के लिए बांध बने है और तालाब खुदे हैं यह सब विकास के पैमाने जनता को समझ में आने लगे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और उसके नेता इन दोनों क्षेत्रों में भारतीय जनता पार्टी की बढ़त देखकर अपना संयम खो रहे हैं। प्रदेश के कांग्रेस प्रभारी बाबरिया की मप्र के महामहिम राज्यपाल पर की गई टिप्पणी की सब भत्र्सना कर रहे हैं। यह बाबरिया की बौखलाहट है बाबरिया बाबरे हो गए हैं और मैं मुंगावली और कोलारस की जनता को मजबूती के साथ भाजपा प्रत्याशियों के साथ खड़े होने के लिए साधुवाद देता हूं। (खबरनेशन / Khabarnation)