जनता भाजपा के पक्ष में मतदान कर कांग्रेस को दंडित करेगी
अशोकनगर। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने कहा कि जनता को विश्वास है भाजपा है तो विकास है और इस बार जनता भाजपा के पक्ष में मतदान कर कांग्रेस को दंडित करेगी। कांग्रेस ने 55 साल के शासनकाल में मुंगावली और मध्यप्रदेश को क्या दिया ? गरीबी, बेरोजगारी, दस्यु समस्या, पिछड़ापन और बीमारू राज्य का काला टीका लगाया है। 55 साल में किसी गरीब या किसान को मुख्यमंत्री नहीं बनाया बल्कि बड़े घरानों के यहां प्रदेश को बंधक बनाकर रखा। भारतीय जनता पार्टी ने एक किसान पुत्र को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के कारण ही प्रदेश आज देश का नंबर एक राज्य बना है। चौहान ने यह बात मुंगावली विधानसभा क्षेत्र की लोकप्रिय प्रत्याशी बाईसाहब यादव के समर्थन में ग्राम थूबोन, खिरका टांका, डोंगर, नानोन में जनसंपर्क के दौरान सभाओं को संबोधित करते हुए कही।
चौहान ने कहा कि प्रदेश की शिवराज सरकार ने जीरो प्रतिशत ब्याज पर किसानों को खेती का कर्जा दिया। सिंचाई का रकबा 12 साल में चार गुना बढ़ाने का काम भाजपा सरकार ने किया। हर खेत पर बिजली लाने के लिए फीडर सेपरेशन योजना लागू की। भावांतर योजना से किसानों को उनका हक दिलाया, ऐसी सोच का मुख्यमंत्री किसी राजघराने से निकला नहीं हो सकता है। हम कांग्रेस नेताओं से पूछना चाहते हैं कि कांग्रेस सरकारों ने किसानों के कल्याण के लिए क्या बुनियादी कदम उठाए ? उन्होंने कहा कि आज देश में मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार है जिसकी सभी नीतियां गरीबों के लिए समर्पित हैं। 70 साल में गरीबों के लिए पहली बार अपने घर का सपना साकार हो रहा है। गरीबों को उज्जवला योजना के तहत गैस उपलब्ध हुई है। एक रुपये में दुर्घटना बीमा और12 रुपये में जीवन बीमा और देश के गरीबों के लिए 5 लाख के बीमा की सौगात इस देश में कभी किसी ने कल्पना नहीं की थी। उन्होंने कहा कि मुंगावली की जनता इस उपचुनाव में कांग्रेस के झांसे में आने वाली नहीं है प्रदेश के मुखिया शिवराजसिंह चौहान की जनोन्मुखी नीतियों पर मुंगावली के मतदाता अपनी मुहर लगाएंगे और मुंगावली की जनता मुंगावली के सर्वांगीण विकास के लिए भाजपा प्रत्याशी बाईसाहब यादव को भारी मतों से विजयी बनाएंगे।
इस अवसर पर महेन्द्र यादव, जयकुमार सिंघई विक्रम सिंह बुंदेला, गौतम टेटवाल, प्रदीप लारिया, लाखन पटेल, हरपाल यादव,रामबाबू यादव, डॉ.जयमंडल यादव, हरिबाबू राय, राव राजकुमार सिंह यादव, नीरज मनोरिया, अमर सिंह यादव, नाहर सिंह यादव, भास्कर सिंह रघुवंशी, रघुवीर सेन, शिशुपाल यादव, गुलाब सिंह यादव, राजपाल सिंह, प्रद्युम्न जैन, कृपाराम यादव, मलखान सिंह सहित अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित थे। (खबरनेशन / Khabarnation)