कांग्रेस को सबक सिखाएं, भाजपा को जिताएं ताकि सरकार परमानेंट हो सके : शिवराजसिंह चौहान

राजनीति Sep 23, 2020

 

 खबर नेशन / Khabar Nation

                भोपाल। हमारी सरकार लगातार किसानों की बेहतरी के लिए काम कर रही है। हमारी कोशिश है कि स्वसहायता समूहों से जुड़ी हमारी बहनों को कम से कम 10 हजार रुपये प्रतिमाह की आय हो। हम युवाओं के लिए सरकारी भर्तियां जल्द शुरू करने वाले हैं। जनता के हित वाली जो योजनाएं कमलनाथ सरकार ने बंद कर दी थीं, हम फिर से शुरू कर रहे हैं। हमारा विश्वास है कि जिस तरह प्रधानमंत्री जी आत्मनिर्भर भारत बना रहे हैं, उसी की तर्ज पर मध्यप्रदेश भी आत्मनिर्भर बनकर रहेगा। लेकिन इसके लिए जरूरी है कि आप आने वाले चुनाव में बेईमान कांग्रेस को सबक सिखाएं और भारतीय जनता पार्टी को आशीर्वाद दें। भाजपा को जिताएं ताकि हमारी सरकार परमानेंट हो सके। यह बात मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने बुधवार को पुनासा (मांधाता) जिला खण्डवा एवं खकनार (नेपानगर) जिला बुरहानपुर में विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास के अवसर पर कही। समारोह में उपस्थित जनसमुदाय को प्रदेश शासन के मंत्री श्री कमल पटेल, सांसद श्री नंदकुमारसिंह चौहान, पूर्व विधायक श्री नारायण पटेल ने भी संबोधित किया।

कमलनाथ के पास नहीं था बात सुनने का समय

                मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस सरकार के जमाने में आपके विधायक श्री नारायण पटेल जब भी मुख्यमंत्री कमलनाथ के पास जाते थे, तो वो कहते थे चलो-चलो। ये मांधाता के विकास की बात करते थे, लेकिन वो कहते थे चलो- चलो। ये कहते थे संत सिंगाजी के समाधि स्थल को पर्यटन स्थल घोषित कर दो, तो वे कहते चलो-चलो। ये उदवहन सिंचाई योजना के लिए 193 करोड़ रूपए मांगते थे, वो कहते थे चलो-चलो। आखिरकार नारायणजी ने भी कमलनाथ को कह दिया चलो-चलो। श्री चौहान ने कहा कि आज मैं यहां मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग का आदेश लेकर आया हूं, जिसमें सिंगाजी के समाधि स्थल को पर्यटन स्थल घोषित करने और विकास के लिए 1 करोड़ 55 लाख रूपए स्वीकृत करने का प्रावधान है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मूंदी एवं किल्लोद नगर परिषद को तहसील का दर्जा दिए जाने की भी घोषणा की।

बहनों के लड्डू, बच्चों की फीस और गरीबों से कफन भी छीन लिया

                श्री चौहान ने कहा कि भाजपा के प्रेरणास्रोत पं. दीनदयाल उपाध्याय से लेकर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी तक की सोच यही रही है कि जो सबसे पीछे है, जो सबसे नीचे है, जो सबसे गरीब, दीन और दुखी है, वह हमारे लिए सबसे पहले है। धरती के संसाधनों पर सबका हक है और गरीबों का हक उनको देंगे। हमारी सरकार ने गरीबों के लिए कई योजनाएं बनाई है और संबल योजना तो गरीबों की ताकत और सहारा बन गई थी। लेकिन कमलनाथ सरकार ने उसे बंद कर दिया था। हम बेटा-बेटी के जन्म लेने पर बहनों को लड्डू के लिए 16 हजार रुपये देते थे, कमलनाथ ने ये पैसे छीन लिए। हमारी सरकार बच्चों की फीस भरती थी, लेकिन कमलनाथ सरकार ने गरीब बच्चों की फीस भरवाना बंद कर दी। कमलनाथ ने गरीबों के कफन के 5000 रूपए भी छीन लिए। कमलनाथ सरकार ने गरीब की बेटी की शादी के लिए 51 हजार रुपये देने का झूठा वादा किया, लेकिन किसी बेटी को यह राशि नहीं मिली। 

किसानों की बेहतरी के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे

                श्री चौहान ने कहा कि कमलनाथ फसल बीमा योजना की प्रीमियम 2200 करोड़ रूपए खा गए। मुख्यमंत्री बनते ही हमारी सकरार ने फसल बीमा योजना के रूपए उनके खातों में डाले। कमलनाथ ने कभी भी फसलों का सर्वे नहीं कराया, वे कभी जनता और किसानों के बीच नहीं गए। लेकिन अब ईमानदारी से फसलों का सर्वे होगा। फसल बीमा योजना में अभी जो कमियां हैं, अगले वर्ष तक उन्हें ठीक कर लिया जाएगा। श्री चौहान ने कहा कि हमारी सरकार ने कोरोना काल में सभी किसानों से गेहूं खरीदा और 1 करोड़ 29 लाख मैट्रिक टन गेहूं खरीदकर पंजाब को भी पीछे छोड़ दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने किसान सम्मान निधि के 6000 रूपए प्रति किसान देने का निर्णय लिया था। अब हमने फैसला किया है मुख्यमंत्री कल्याण निधि से 4000 रूपए और दिए जायेंगे। इसके बाद अब हर वर्ष किसान के खाते में 10 हजार रूपए डाले जायेंगे।

कांग्रेस ने छीना, हम लौटा रहे हैं

                श्री चौहान ने कहा कि संत सिंगाजी महाराज की भूमि में अब कोई गरीब भूखा नहीं रहेगा। हमारी सरकार ने सस्ते अनाज की योजना का दायरा बढ़ा दिया है। स्ट्रीट वेंडरों को अब 10 हजार रूपए दिया जायेगा, जिससे अपना छोटा व्यापार कर सकेंगे। सरकारी नौकरियों में भर्ती के आदेश होने जा रहे हैं। पुलिस, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग में नौकरियों की राह खुलेगी। स्व सहायता समूहों को अब 1400 करोड़ रूपए एक साल में उपलब्ध कराया जायेगा। बैंकों के ब्याज का अधिकांश हिस्सा सरकार भरेगी। महिलाएं जो सामान बनाएंगी, उसकी मार्केटिंग-ब्रांडिंग सरकार करेगी। स्कूल की यूनिफार्म भी स्वसहायता समूह बनायेंगे। महिलाएं ही कपड़ा खरीदेंगी और स्कूल में सप्लाई करेंगी। पोषण आहार भी महिलाएं ही बनायेंगी और स्कूलों में बांटेंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की कोशिश है कि महिलाओं की आमदनी 10 हजार रूपए महीना हो जाए, लेकिन इसके लिए हमारी सरकार का परमानेंट होना जरूरी है।

                कार्यक्रम में विधायक श्री देवेन्द्र वर्मा, श्री राम डांगोरे, जिलाध्यक्ष श्री सेवादास पटेल उपस्थित थे।

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment