25 सितम्बर को बूथ स्तर तक मनेगी पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती

राजनीति Sep 24, 2020

 

मुख्यमंत्री करेंगे चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन, शुरू होगा महा जनसंपर्क अभियान

खबर नेशन Khabar Nation 

                भोपाल। एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती 25 सितंबर को प्रदेश के सभी संगठनात्मक मंडलों में बूथ स्तर तक आयोजित की जाएगी। जिला केंद्रों पर पं. दीनदयाल उपाध्याय जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर आधारित चित्र प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी। वहीं, भोपाल में प्रदर्शनी पार्टी के प्रदेश कार्यालय में लगेगी, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे। 25 सितम्बर से ही प्रदेश की 28 विधानसभाओं में महा जनसंपर्क अभियान की शुरुआत भी होगी।

                जनसंघ के संस्थापक सदस्य पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती 25 सितंबर को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता सेवा कार्य एवं रचनात्मक कार्यों के साथ मनाएंगे। संगठनात्मक जिला केंद्रों पर पं. दीनदयाल जी के जीवन पर केंद्रित चित्र प्रदर्शनी लगेगी, जिसके माध्यम से कार्यकर्ता और आमजन पंडित दीनदयाल जी के व्यक्तित्व और उनके संघर्ष के बारे में जान सकेंगे। जिला केंद्रों पर संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। प्रदेश भर में होने वाले कार्यक्रमों में पार्टी के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता भाग लेंगे। भोपाल में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान प्रातः 9ः30 बजे लालघाटी स्थित पं. दीनदयाल जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके पश्चात 10.00 बजे प्रदेश कार्यालय पंडित दीनदयाल परिसर में दीनदयाल जी के जीवन पर केंद्रित चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत सहित कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।

28 विधानसभाओं में शुरू होगा 3 दिवसीय महा जनसंपर्क अभियान

                उपचुनाव वाले विधानसभा क्षेत्रों में पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती 25 सितम्बर से 27 सितंबर तक तीन दिवसीय महा जनसंपर्क अभियान प्रारम्भ होगा। इस अभियान के अंतर्गत पार्टी कार्यकर्ताओं और मतदाताओं के निवास पर भारतीय जनता पार्टी का ध्वज फहराये जाएंगे, घर के मुख्य द्वार पर स्टीकर लगाए जाएंगे। साथ ही पार्टी कार्यकर्ता महा जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत घर-घर संपर्क कर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के पत्रक वितरित करेंगे।

Share:


Related Articles


Leave a Comment