हिस्ट्रीशीटरों के परिजनों को प्रत्याशी बनाकर भाजपा परोस रही हैं राजनैतिक आतंकवाद
हत्यारे बेटे के पिता भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ही बिगाड़ रहे हैं प्रदेश का शांत वातावरण
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरूण यादव ने सेंधवा नगर पालिका चुनाव के दौरान आतंक, धन-बाहुबल और राजनैतिक दबाव की दहशत में कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों द्वारा नाम वापस लिये जाने की घटना पर ‘‘पार्टी-विद-ए-डिफरेंस’’ और नैतिक मूल्यों की कथित दुहाई देने वाली भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा हैं कि भाजपा कुख्यात अपराधियों व हिस्ट्रीशीटरों के परिजनों को प्रत्याशी बनाकर प्रदेश में राजनैतिक आतंकवाद परोस रही हैं। उन्होंने यहां तक कह डाला हैं कि जिस पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वयं तड़ीपार रहा हो और जिसके प्रदेशाध्यक्ष भी एक हत्यारे बेटे के पिता हों, उस राजनैतिक दल से एक शांत प्रदेश को अशांत वातावरण में तब्दील करने वाले ऐसे चरित्रों की ही अपेक्षा की जा सकती हैं।
यादव ने कहा कि सेंधवा नगर पालिका चुनाव में हत्या, हत्या के षड्यंत्र, जान से मारने की धमकी और अपहरण सहित 40 मामलों में आरोपित जिस संजय यादव को करीब 11 माह पूर्व भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष और मयूर हत्याकांड में आरोपित पुत्र के पिता नंदकुमारसिंह चौहान ने स्थानीय सांसद सुभाष पटेल व मंत्री अंतरसिंह आर्य की मौजूदगी में 20 फरवरी, 17 को भाजपा की सदस्यता दिलवाकर अपनी पार्टी के वास्तविक चरित्र को स्पष्ट कर दिया था । उन्होंने अब इस अपराधी के परिजन को टिकिट भी दिलाकर शांत मालवा-निमाड़ को अपराधियों का बीहड़ भी बना डाला हैं, जो एक घातक संकेत हैं।
यादव ने कहा कि उक्त संकेत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के उस कथन का ही परिपालन माना जायेगा, जिसमें उन्होंने गत् दिनों संपन्न अपने प्रदेश प्रवास के दौरान यह सार्वजनिक तौर पर कहा था कि हमें जीत चाहिए, चाहे उसे कैसे भी हासिल करना पड़े।
यादव ने अपने उस विश्वास को एक बार फिर दोहराया हैं कि गुजरात चुनाव के बाद अपनी सामने आयी स्थितियों से भयभीत भाजपा की इस मनोदशा के बावजूद भी कांग्रेस पार्टी होने जा रहे 17 नगरीय निकायों के चुनाव और आसन्न मुंगावली और कोलारस विधानसभा उपचुनाव में अपनी विजय पताका फहरायेगी। (खबरनेशन / Khabarnation)