सिंधिया को दी गई ‘‘धाकड़ की धमकी’’ को मुख्यमंत्री का ही संरक्षण
अंग्रेजों से लड़ने वाली कांग्रेस को, बुजदिल भाजपा उसी तर्ज पर जबाव देने के लिए न करें मजबूर
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता के.के. मिश्रा ने रविवार को कोलारस में किरार समाज के कार्यक्रम के दौरान राघौगढ़ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के टिकिट पर पराजित होने वाले समाज के प्रादेशिक अध्यक्ष राधेश्याम धाकड़ द्वारा मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के खिलाफ बोलने को लेकर कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता व सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को सार्वजनिक मंच से जुबान काट देने, हाथ तोड़ देने और ठिकाने लगा दिये जाने की धमकी को अमर्यादित आचरण बताते हुए कहा कि ऐसे घृणित शब्दों का उपयोग करने की कोशिश महज एक संयोग न होकर मुख्यमंत्री के संरक्षण में रची गई साजिश का एक हिस्सा हैं। लिहाजा, राधेश्याम धाकड़ के विरूद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज होना चाहिए।
मिश्रा ने धाकड़ की ही तर्ज पर उन्हें चेतावनी भरे शब्दों में स्मरण दिलाते हुए कहा हैं कि उन्हें याद रखना चाहिए कि कांग्रेस पार्टी देश को आजाद कराने के लिए 100 सालों तक अंग्रेजों से लड़ी हैं, बुजदिलों की फौज में शामिल धाकड़, कांग्रेस पार्टी को उन्हीं के लहजे में जबाव देने के लिए मजबूर न करें?
मिश्रा ने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान से भी आग्रह किया हैं कि ‘‘धाकड़ की धमकी’’ मुख्यमंत्री का नाम लेकर सिंधिया को दी गई हैं। अतः मुख्यमंत्री को इस विषयक अपनी स्थिति स्पष्ट करना चाहिए। (खबरनेशन / Khabarnation)