नारी शक्ति को अवनि चतुर्वेदी ने महिमा मंडित किया
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता राजो मालवीय ने कहा कि प्रदेश की बेटी अवनि चतुर्वेदी ने लड़ाकू विमान उड़ाकर साबित कर दिया है कि महिलाएं न तो किसी क्षेत्र में पुरूषों से पीछे है और न उनके लिए कोई भी पौरूष का काम असंभव है। मालवीय ने अवनि चतुर्वेदी को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। महिलाओं का सम्मान बढ़ाने के साथ उनका आत्मविश्वास उच्च शिखर पर पहुंचाया है।
उन्होंने कहा कि अवनि चतुर्वेदी की सफलता के पीछे उनका परिश्रम, संस्कार और अनुशासन प्रियता रही है। केन्द्र सरकार ने तीनों सेनाओं में महिलाओं को जो जिम्मेदारी सौंपी है और उनकी प्रगति के द्वार खोले है उससे निश्चित रूप से युवा पीढ़ी के हौसले बुलंद हुए है। राष्ट्र का सामरिक संवर्धन हुआ है।
मालवीय ने कहा कि जीवन में कल्पना, उंचे स्वप्न देखना कितना सार्थक होता है यह भी अवनि चतुर्वेदी ने साबित किया है। अपने छात्र जीवन में उन्हें कल्पना चावला के साहस ने प्रेरित किया और वे अंतरिक्ष में छलांग लगाने की कल्पना संजोने लगी। जहां चाह है वहां राह है। उनका चुनाव हुआ और उन्होंने वायु सेना में उंचा मुकाम हासिल करने में सफलता पायी। (खबरनेशन / Khabarnation)