मुंगावली में कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत, कोलारस में लगातार बढ़त

राजनीति Feb 28, 2018

भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने प्रदेश में सम्पन्न मुंगावली-कोलारस उपचुनाव के घोषित परिणामों में मुख्यमंत्री सहित लगी पूरी सरकार, शासनतंत्र व फर्जी मतदाता सूचियों का दुरुपयोग, करोड़ों रु. के काले धन की बर्बादी के बावजूद भी कांग्रेस को प्राप्त ऐतिहासिक विजय पर खुशी का इजहार करते हुए इसे परिश्रमी कार्यकर्ताओं और परिवर्तन की जीत बताया है। उन्होंने कहा कि मुंगावली में कांग्रेस प्रत्याशी की जीत और कोलारस में कांग्रेस प्रत्याशी को मिल रही लगातार बढ़त से कांग्रेस ने इस जीत के रूप में जागरूक मतदाताओं का दिल भी जीता है।
 

यादव ने सत्ता के मद में मशगूल ‘‘अबकी बार 200 पार का’’ नारा देने वाले नेताओं पर भी तंज कसते हुए कहा कि जो दम्भी नेतागण तमाम अवांछनीय हरकतों के बाद मात्र दो सीट नहीं जीत सकते, वे अब 200 पार का लक्ष्य कैसे हासिल करेंगे?
 

इसी प्रकार आज प्रदेश विधान सभा में वित्तमंत्री जयंत मलैया द्वारा प्रस्तुत बजट को भी आंकड़ों के राजनैतिक जुमलों वाला चुनावी बजट निरुपित किया है। उन्होंने कहा कि वित्तमंत्री ने बजट में बुनियादी नागरिक सुविधाओं, शिक्षा, चिकित्सा-शिक्षा, स्वास्थ्य, कुपोषण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर न केवल सिर्फ शाब्दिक बाजीगरी की है, बल्कि बेरोजगारी, कर्मचारियों, किसानों, महिलाओं, मरीजों, युवाओं, बालिकाओं आदि प्रमुख वर्गों को लेकर भी कोई धरातली प्रावधान नहीं किये हैं।
 

यादव ने यह भी दावा किया है कि यह बजट राज्य में भाजपा सरकार का आखरी बजट ही साबित होगा, अगला लोक लुभावन व जनकल्याणकारी बजट कांग्रेस ही प्रस्तुत करेगी।

कांग्रेस मुख्यालय में दिन भर रहा जश्न का माहौल

मुंगावली-कोलारस उपचुनाव के परिणामों को लेकर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आज सुबह से ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हुजूम एकत्र हो गया था और पूर्वान्ह 11 बजे से ही मुंगावली और कोलारस दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में कांग्रेस पार्टी ने बढ़त बना ली थी, दिन भर रंग-गुलाल, ढोल-ढमाके के साथ आतिशबाजी होती रही। कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कांग्रेसजनों में भारी उत्साह बना रहा, परस्पर एक-दूसरे को बधाई देते हुए खुशी का इजहार किया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के संगठन प्रभारी महामंत्री चंद्रिका प्रसाद द्विवेदी, महामंत्री डॉ. शशि राजपूत, अशोक जैन भाभा, योगेश यादव, प्रवक्ता रवि सक्सेना, जे.पी. धनोपिया, विभा पटेल, दुर्गेश शर्मा, राजकुमार पटेल, आभासिंह, जितेन्द्र मिश्रा, कृष्णा घाड़गे, शाहवर आलम, रमेश पाराशर, प्रशांत गुरूदेव, उदयवीरसिंह, मिंटू राय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे। (खबरनेशन / Khabarnation)

Share:


Related Articles


Leave a Comment