कांग्रेस 15 वर्ष दिए आप हमें पांच माह देंः मुख्यमंत्री
अशोकनगर। राजनीति सर्व कल्याण के लिए होनी चाहिए। चुनाव विकास और जनता की भलाई के लिए होता है मैं 14 वर्षों से प्रदेश का मुख्यमंत्री हूं आप जानते हैं हमारी सरकार ने अनेक जनकल्याणकारी कार्य किए। यहां से कांग्रेस के सांसद 15 वर्षों से हैं और विधायक भी कांग्रेस के चुने जाते रहे हैं लेकिन मुंगावली में पानी की व्यवस्था ही नहीं, क्या क्षेत्रीय सांसद और विधायक को यह काम नहीं कराना चाहिए था वे केवल माला पहनते रहे। हमारी सरकार ने पानी के स्थायी निदान के लिए खेतों को सिंचित करने के लिए राजघाट परियोजना से पानी की व्यवस्था की है जिससे 86 गांवों में पानी की समस्या दूर होगी। यह बात प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चुनाव प्रचार से पूर्व तारई, मथाना, पीपलखेड़ा एवं बरखेड़ा तिंसी की सभाओं को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि यह कोई लंबा चुनाव नहीं है यह पांच महीने का चुनाव है आपने उनको 15 वर्ष दिए आप हमें पांच महीने का समय दें हाथ कंगन को आरसी क्या और पढ़े-लिखे को फारसी क्या, सब चीजें आपके सामने आ जाएंगी और बाईसाहब और मैं मिलकर मुंगावली को मिनी स्मार्ट सिटी बना देंगे। उनको वोट देने का कोई फायदा नहीं है। केन्द्र की मोदी सरकार और हमारी प्रदेश सरकार गरीबों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। हम गरीबों को एक रुपये किलो गेहूं, चावल एवं नमक दे रहे हैं क्या कांग्रेस ने कभी खिलाया। हर गरीब को जमीन का मालिक बनाने के लिए पट्टा अभियान चला रहे हैं हम किसी गरीब को कच्चे मकान में नहीं रहने देंगे। 2022 तक हर गरीब के सिर पर पक्की छत होगी। हम उन्हें कच्ची झुग्गियां नहीं पक्की मकानों के मालिक बनाएंगे। कांग्रेस सरकार ने क्या कभी किसी गरीब को मकान दिया। कांग्रेस किसानों को 18 प्रतिशत पर ऋण देती थी हमारी सरकार ने जीरो प्रतिशत पर किसानों को ऋण देने का काम किया है। कांग्रेस के जमाने में खाद के लिए लाइन लगी रहती थी हमारे समय में हमारे भंडार भरे हुए हैं खाद की किल्लत खत्म हो गई। यह सरकार और जनता के बीच का रिश्ता है। गरीब के इलाज की व्यवस्था हमारी सरकार ने की। पिछले साल किसानों ने जो गेहूं बेंचा था उस पर भी हमारी सरकार 200 रुपये बोनस दे रही है। पूरे देश में इस वर्ष गेहूं का समर्थन मूल्य 1735 रुपये है लेकिन हमारी सरकार दो हजार रुपये प्रति क्विंटल किसानों से गेहूं खरीदेगी। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि आप दिल से सोचो, दिमाग से सोचो कि किस दल को जिताने पर गरीब जनता का कल्याण होगा।
उन्होंने कहा कि मुंगावली विधानसभा क्षेत्र से हमारी प्रत्याशी बाईसाब यादव हैं आप लोगों की भलाई में क्षेत्र के विकास में बाईसाब कोई कसर नहीं छोड़ेंगी। उन्होंने कहा कि मैं अलग तरह का मुख्यमंत्री हूं मैं राजा-महाराजा नहीं हूं। मैंने मुख्यमंत्री पद को भोपाल के बंगले से निकालकर गांव की गलियों में खड़ा किया है। गरीबों की सेवा ही हमारा मिशन है।
इस अवसर पर भूपेन्द्र सिंह, रामपाल सिंह, गौरीशंकर बिसेन, जालमसिंह पटेल, नारायण सिंह कुशवाह, जयकुमार सिंघई, विभा श्रीवास्तव, नानाभाऊ माहौर, जगन्नाथ यादव, मलकीत सिंह, डॉ.जयमंडल यादव, डॉ. केपी यादव, हरिबाबू राय, सुरेश आर्य, भगवान सिंह कटारिया, देवेन्द्र ताम्रकार, चंद्रभान सिंह दांगी, भानू रघुवंशी, हरपाल यादव, रामबाबू यादव, सितेन्द्र जैन, सचिन चौधरी, अमान सिंह लोधी, गोपाल कोल, रायसिंह सेंधव, सीताराम बाथम, ब्रजेन्द्रप्रताप सिंह, ऋषि लोधी, प्रभु राठौर, विक्रम बुंदेला, श्यामलाल पंथी, शैलेन्द्र जैन, जीतू जिराती, हिदायतुल्ला खान, विष्णु खत्री, डॉ.तेजबहादुर सिंह चौहान, यशपाल सिसौदिया, सतपाल सिंह सिकरवार सहित अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। (खबरनेशन / Khabrnation)