सबका साथ सबका विकास भाजपा की प्रतिबद्धता

राजनीति Feb 21, 2018

शिवपुरी। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कोलारस में अनुसूचित जाति मोर्चा के अंतर्गत क्षेत्र के ग्राम प्रमुखों, बस्ती प्रमुखों से संवाद किया। अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सूरज कैरो ने बस्ती प्रमुखों का परिचय कराते हुए प्रतिनिधि मंडल की भावनाओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुसूचित जाति के बस्ती प्रमुखों ने मंगल भवन, सामुदायिक भवन,कालेज, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जैसी मांगे प्रस्तुत कर सिद्ध कर दिया है कि अनुसूचित जाति जीवन स्तर को सुधारने की दिशा में जागरूक है। खाद्य सुरक्षा जैसे कार्यक्रम ने उनकी रोटी, कपड़ा, मकान की समस्या का निवारण कर दिया है।
 

उन्होंने कहा कि आचार संहिता में कोई घोषणा और वचन नहीं दिया जा सकता। चौहान ने कहा कि भाजपा के शासन के14 वर्ष और कांग्रेस के 55 वर्ष आपके सामने है। 14 वर्ष में भाजपा सरकार ने अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़े वर्ग और अल्पसंख्यकों के कल्याण के जितने काम किए कांग्रेस ने 55 साल में नहीं किया। कांग्रेस ने सिर्फ दलितों का भावनात्मक दोहन किया। उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया। भाजपा की अवधारणा सबका साथ सबका विकास करना है। तुष्टीकरण में भारतीय जनता पार्टी का विश्वास नहीं है।
 

अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सूरज कैरो ने इस मौके पर केन्द्र सरकार और राज्य सरकार के अनुसूचित जाति हितैषी कार्यक्रमों पर प्रकाश डाला और कहा कि 24 फरवरी को मतदान में देवेन्द्र जैन की विजय विकास की विजय होगी। क्षेत्र का नक्शा और जनता की तकदीर बदलेगी।

(खबरनेशन / Khabarnation)
 

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment