कांग्रेस कार्यकर्ता और मध्य प्रदेश की जनता ले 'नया साल, नई सरकार' का संकल्प

नव वर्ष 2023 के लिए पीसीसी अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ का शुभकामना संदेश

कांग्रेस की 'नई सरकार' किसानों की कर्ज माफी, पुरानी पेंशन की बहाली और ₹100 में 100 यूनिट बिजली फिर से शुरू करेगी

बेरोजगारों के लिए शुरू किया जाएगा भर्ती अभियान

नए वर्ष में हम बनाएंगे भ्रष्टाचार मुक्त, बेरोजगारी मुक्त, अपराध मुक्त, महंगाई मुक्त, माफिया मुक्त और कुशासन मुक्त मध्य प्रदेश

खबर नेशन / Khabar Nation 
भोपाल 31 दिसंबर 2022

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने नव वर्ष 2023 के लिए प्रदेश की जनता को शुभकामनाएं दी हैं। श्री कमलनाथ ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और प्रदेश की जनता से कहा कि हम सब 'नया साल, नई सरकार' का संकल्प लें।
अपने शुभकामना संदेश में श्री कमलनाथ ने कहा कि मध्य प्रदेश भारत का हृदय प्रदेश है। मध्य प्रदेश की जनता सदा सत्य का साथ देने वाली और परिश्रमी जनता है। मध्यप्रदेश की गौरवशाली परंपरा है। मध्य प्रदेश गंगा जमुनी तहजीब का प्रदेश है। यही भारत का ऐसा प्रदेश है, जहां इतनी बड़ी संख्या में आदिवासी भाई बहन रहते हैं, अनुसूचित जाति के लोग रहते हैं और सभी धर्म और सभी जातियों के लोग रहते हैं। हमारे आपसी प्रेम और सौहार्द के कारण ही मध्य प्रदेश को शांति का टापू कहा जाता है।
लेकिन भारतीय जनता पार्टी के 18 साल के कुशासन में मध्यप्रदेश की पहचान घोटालों, भ्रष्टाचार, महिला अत्याचार, आदिवासी अत्याचार, दलित अत्याचार, बदहाल किसान और बेरोजगार नौजवान से हो गई है। भाजपा सरकार ने 2022 में किसानों की आमदनी दोगुनी करने का वादा किया था। लेकिन वर्ष बीत जाने के बावजूद इस वादे पर कोई अमल नहीं हुआ। मध्य प्रदेश सरकार ने हर महीने एक लाख रोजगार देने का वादा किया था लेकिन उस वादे का भी कुछ नहीं हुआ। आदिवासी समुदाय के विकास के नाम पर बहुत से सरकारी कार्यक्रम हुए लेकिन आदिवासी समुदाय पर अत्याचार कम नहीं हुए। प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय कम होती जा रही है। छोटे व्यापारी का धंधा चौपट हो गया है। सरकारी कर्मचारियों को किसी तरह का लाभ सरकार नहीं दे रही है और रिटायर्ड कर्मचारियों को समुचित पेंशन तक नहीं मिल रही। हर तरफ महंगाई की मार है।
इन हालात के बीच हम 2022 को अलविदा कह रहे हैं। लेकिन 2023 में हम सबको मिलकर इन हालात को बदलना है। इसीलिए मैंने आप सबसे 'नया साल, नई सरकार' का संकल्प लेने का आव्हान किया है।
नए वर्ष में हम भ्रष्टाचार मुक्त, बेरोजगारी मुक्त, अपराध मुक्त, महंगाई मुक्त, माफिया मुक्त और कुशासन मुक्त मध्य प्रदेश का निर्माण करने के लिए कृत संकल्प हैं।
यह काम करने के लिए मैंने पूरा रोडमैप तैयार कर लिया है। 2023 में विधानसभा के चुनाव होंगे और आप कांग्रेस पार्टी की सरकार प्रदेश में बनाएंगे। कांग्रेस की सरकार आते ही किसानों का कर्ज माफ कर दिया जाएगा। खाद और बीज की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाएगी।सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन बहाल कर दी जाएगी। मध्य प्रदेश की जनता को एक बार फिर से ₹100 में 100 यूनिट बिजली मिलेगी। आज जो हजारों रुपए के बिजली के बिल आ रहे हैं वे फिर से ₹100 के हो जाएंगे। मध्य प्रदेश की जनता को एक बार फिर से महंगाई से मुक्ति दिलाई जाएगी। संविदा कर्मचारियों को न्याय पूर्ण अधिकार दिलाया जाएगा। प्रदेश में गौ माता की दुर्दशा हो रही है उसे रोकने के लिए फिर से पूरे प्रदेश में गौशालाओं का निर्माण कराया जाएगा। धर्म और संस्कृति के सम्मान के लिए बड़ी योजनाओं पर काम किया जाएगा।
श्री कमलनाथ ने कहा कि इन योजनाओं के अलावा कांग्रेस पार्टी की नई सरकार कुछ और ऐसी महत्वपूर्ण योजनाएं प्रदेश में लेकर आएगी जिससे प्रदेश की जनता की खुशहाली में जबरदस्त इजाफा होगा। प्रदेश में आर्थिक गतिविधि तेज होगी। इन सभी योजनाओं का खाका बनकर तैयार हो चुका है जिन्हें समय आने पर जनता के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। बेरोजगारों के लिए शुरू किया जाएगा भर्ती अभियान
श्री कमलनाथ ने कहा कि हम सब मिलकर 2023 में प्रदेश में नई सरकार बनाएंगे प्रदेश की नई पहचान बनाएंगे और स्वर्णिम मध्यप्रदेश का निर्माण करेंगे। सभी प्रदेशवासियों को नव वर्ष की अनंत शुभकामनाएं।

लिखें और कमाएं        
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण । आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं । अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999

 

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment