स्वच्छता ही सेवा के अंतर्गत एसबीआई स्टाफ ने किया स्वैच्छिक श्रमदान

 

खबर नेशन / Khabar Nation

स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत गांधी जयंती के दिन भारतीय स्टेट बैंक ने भोपाल के शाहपुरा तालाब के समीप स्वच्छता कार्य किया। बैंक स्टाफ द्वारा इस अवसर पर एक स्वच्छता जागरूकता रैली भी आयोजित की गई जो प्रशासन अकादमी व मनीषा मार्केट चैराहे से होती हुई पुनः अपने आरंभिक स्थल पर समाप्त हुई। मुख्य महाप्रबंधक राजेश कुमार के नेतृत्व में बडी संख्या में एसबीआई स्टाफ सदस्य इस अभियान में सम्मिलित हुए तथा उन्होंने स्वेच्छा से श्रमदान करते हुए स्वच्छता का संदेश दिया। इस अवसर पर अपने संबोधन में  राजेश कुमार ने कहा कि इस वर्ष स्वाधीनता दिवस पर भारत के प्रधानमंत्री ने एक सार्थक पहल करते हुए भारत को प्लास्टिक वेस्ट मुक्त बनाने तथा एकल उपयोगी प्लास्टिक (सिंगल यूज प्लास्टिक) पर एक प्रभावी अंकुश लगाने का आव्हान किया है। राजेश कुमार ने कहा कि देश का सबसे बडा बैंक होने तथा एक जिम्मेदार कारपोरेट नागरिक होने के नाते भारतीय स्टेट बैंक भी अपने  कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए इस दिशा में प्रयत्नशील हो चुका है तथा आज इतनी बडी संख्या में बैंक स्टाफ की स्वैच्छिक उपस्थिति और श्रमदान में सक्रिय सहभागिता इस तथ्य की पुष्टि करती है।

.         इसी उपलक्ष्य में भोपाल में बैंक के पाँच कर्मचारी आवासीय परिसरों में बैंक स्टाफ द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया। इन आवासों में निवासरत स्टाफ के बुजुर्ग परिजनों की सुविधा के लिए बैंक प्रबंधन ने विशेष पहल करते हुए प्रत्येक परिसर में एक-एक स्ट्रेचर तथा व्हीलचेयर भी उपलब्ध करायीं। सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग हतोत्साहित करने तथा पर्यावरण-अनुकूल वस्तुओं के उपयोग को बढावा देने के लिए एसबीआई द्वारा आज के कार्यक्रमों में उपस्थित बैंक स्टाफ व अन्य लोगों को कपडे की थैलियां भी वितरित की गईं ।

        उल्लेखनीय है कि स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत भारतीय स्टेट बैंक ने अपने आंतरिक कार्यालयीन काम काज में सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रभावी अंकुश लगाया है तथा प्लास्टिक की पानी की बोतलों, प्लास्टिक फोल्डरों तथा ग्लासों के उपयोग को पूर्णतया बंद करते हुए वैकल्पिक वस्तुओं के प्रयोग को प्रोत्साहित किया जा रहा है। दिनांक 11 सितंबर से 02 अक्टूबर तक एसबीआई द्वारा स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत भोपाल मण्डल (मप्र एवं छग) की सभी 1,567 शाखाओं व कार्यालयों द्वारा श्रमदान, स्वच्छता जागरूकता तथा सिंगल यूज प्लास्टिक को हतोत्साहित करने हेतु अनेक गतिविधियों व कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

         आज के इस स्वच्छता ही सेवा अभियान में मुख्य महाप्रबंधक राजेश कुमार के साथ ही महाप्रबंधक सर्वश्री चन्द्रशेखर आर पोवार एवं  राजीव कुमार सक्सेना, उप महाप्रबंधक गण, एसबीआई अधिकारी एवं कर्मचारी संघों के पदाधिकारी तथा बडी संख्या में स्टाफ सदस्यों ने सहभागिता की।

Share:


Related Articles


Leave a Comment