दंगा भड़काने का बयान नहीं सूझा तो सरकार गिराने का अरोप लगाने लगे : विष्णुदत्त शर्मा
भोपाल। लगता है पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के पास आज कोई ऐसा मुद्दा नहीं था, जिससे देश में दंगा भड़काया जा सके। समाज को तोडने का कोई जतन उन्हें आज समझ नहीं आया होगा, इसलिए चर्चा में रहने के लिए उन्होंने आज भाजपा पर कमलनाथ सरकार गिराने का मिथ्या आरोप ही जड़ दिया। सच तो यह है कि दिग्विजय सिंह जी मुख्यमंत्री कमलनाथ को दबाव में लाने की जुगाड़ में आए दिन ऐसी हरकतें करते रहते है। उन्हें अपनी ही सरकार से कोई काम कराना होगा या राज्यसभा में जाने की गारंटी लेनी होगी, इस कारण यह बेबुनियाद बात उन्होंने की है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने सोमवार को मीडिया से चर्चा के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा दिये गए विधायकों की खरीद-फरोख्त संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही।
सड़कों पर उतरकर संघर्ष करेगी भाजपा
प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश की कमलनाथ सरकार न तो प्रोटोकाल का पालन कर रही है और न ही संवैधानिक व्यवस्थाओं का। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले के कलेक्टर, जिला प्रशासन के अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि प्रोटोकॉल का पालन सही तरीके से किया जाए। लेकिन दुर्भाग्यवश जिलों के कलेक्टर प्रोटोकॉल का पालन नहीं कर रहे हैं। वे सरकारी कार्यक्रमों में सिर्फ कांग्रेस के नेताओं को ही बुलाना चाहते हैं। प्रदेश सरकार और प्रशासन की इसी प्रवृत्ति के चलते हमारे देवास-शाजापुर के सांसद श्री महेंद्रसिंह सोलंकी को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और उसके अधिकारी अगर संवैधानिक व्यवस्थाओं का पालन नहीं करते हैं, तो भाजपा सड़कों पर उतरकर इसका विरोध करेगी। इसके विरोध में हम पूरे प्रदेश में संघर्ष और आंदोलन करेंगे।
गोवंश की स्थिति देखने गौ अभ्यारण्य जाएगा पार्टी प्रतिनिधिमंडल
श्री शर्मा ने कहा कि आगर के सुसनेर में गौ अभ्यारण्य में लगातार गायों की मृत्यु हो रही है। मीडिया ने भी इसे देखा है कि वहां कुछ दिन पूर्व 30 से अधिक गाएं मरी पाई गई थीं। वहां किसी भी प्रकार का प्रबंधन नहीं है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार ने गौ अभ्यारण्य बहुत अच्छे से बनाने का प्रयास किया था। श्री शर्मा ने कहा कि गायों की स्थिति के अवलोकन के लिये भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल 03 मार्च को गौ अभ्यारण्य जायेगा। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश महामंत्री श्री बंशीलाल गुर्जर, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री रामेश्वर शर्मा, सांसद श्री महेन्द्रसिंह सोलंकी, विधायक श्री इंदरसिंह परमार, श्री कुंवर सिंह कोठार शामिल रहेंगे। प्रतिनिधिमंडल गौ अभ्यारण्य का निरीक्षण करेगा और रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा।
सरकार ने नहीं ली ओला पीड़ित किसानों की सुध
श्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश के कई जिलों में ओलावृष्टि के कारण फसलों का नुकसान हुआ है, लेकिन सरकार के पास पीड़ित गरीब किसानों के लिये कुछ नहीं है। सरकार या उसके किसी प्रतिनिधि ने इन गरीब किसानों की सुध भी नहीं ली है। कांग्रेस सरकार के कृषि मंत्री भोपाल में बैठकर सिर्फ बयानबाजी कर रहे हैं और कह रहे हैं कि हमें किसानों की चिंता है। लेकिन ऐसी बयानबाजी से कुछ नहीं होगा, आपको जमीन पर उतरकर किसानों के बीच जाना पड़ेगा। श्री शर्मा ने कहा कि दुर्भाग्यवश प्रशासन के अधिकारी सरकार को गुमराह कर रहे हैं और बता रहे हैं कि फसलों को जो नुकसान हुआ है, वह 30 प्रतिशत से कम है। वे ऐसा इसलिए कर रहे हैं, ताकि किसानों को मुआवजा न देना पड़े। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस सरकार से यह मांग करती है कि पूरे प्रदेश में ओलावृष्टि से हुए भारी नुकसान को देखते हुए 100 प्रतिशत मुआवजा प्रभावित किसानों को दिया जाए।
भाजपा विधायकों की बैठक में राज्यसभा चुनाव और विधानसभा सत्र पर विस्तार से चर्चा