सिंधिया कमलनाथ ने सौंपा राहुल को मध्यप्रदेश का रोडमेप

सवाल सिंधिया के सीएम का चेहरा या भाजपा को हराना...?
 

खबरनेशन / Khabarnation
 

मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को आगामी विधानसभा चुनाव में घर बिठाने की कवायद का रोडमेप कांग्रेस के आलानेता कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को सौंप दिया हैं। सूत्रों के अनुसार सौंपे गये रोडमेप से यह समझ नहीं आ रहा हैं कि सिंधिया और कमलनाथ ने मध्यप्रदेश में चेहरा कौन बने की कवायद की हैं या फिर भाजपा को घर बिठाने की। 

  

मध्यप्रेदश में पिछले कई दिनों से विधानसभा चुनाव 2018 के चलते मुख्यमंत्री पद का चेहरा कौन हो को लेकर मध्यप्रदेश के आला नेताओं में दंग छिड़ी हुई हैं। जहां सिंधिया खुले तौर पर मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनने को लेकर अपना दावा ठोक चुके हैं। वहीं कमलनाथ दबे छुपे स्वरों में अपने आप को इस रेस में बनाये हुए हैं। लाठी रैली के बहाने प्रदेश अध्यक्ष अरूण यादव का नाम पिछड़ा वर्ग के कई नेताओं ने जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव की मौजूदगी में मंच से उछाल दिया था। जिसके बाद अरूण यादव मुख्यमंत्री पद का चेहरा चुनाव के पहले की बजाय चुनाव के बाद विधायकों में से चुनने की बात कर रहे हैं। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह भी परम्पराओं का हवाला देकर विधायक दल की बैठक से ही मुख्यमंत्री चुनने की बात कर रहे हैं। 
 

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव दिग्विजय सिंह ने अभी इस मुद्दे पर अपने पत्ते नहीं खोले हैं। जिसके बाद कांग्रेस दो फेमों में बट गयी हैं। एक वो जो सीएम पद का दावेदार घोषित करने की मांग कर रही हैं और दूसरा जो विधायक दल की बैठक से मुख्यमंत्री चुननेकी बात कर रही हैं। फैसला आलाकमान राहुल गांधी को करना हैं। इसके बावजूद कमलनाथ और सिंधिया इस रेस में अव्वल बने हुए हैं।

सूत्रों के मुताबिक बीते दिनों सीएम के चेहरे के इन दोनों दावेदारों ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को भाजपा को प्रदेश की सत्ता से कैसे बेदखल किया जाए इसका रोड मैप सौंपा हैं। राहुल गांधी को दिए गए रोड मैप के मुताबिक मध्य प्रदेश में कोंग्रेस सीएम का चेहरा चुनाव से पहले घोषित करे।
 

विधानसभा के टिकिट दिल्ली की बजाय भोपाल में तय किये जायें। विधानसभा के टिकिट 6 महीने पहले तय किये जायें ताकि उम्मीदवारों को चुनाव की तैयारियों का समय मिल सकें। असंतुष्ट दिग्गजों की नाराजगी दूर की जाए। डबरा सम्मेलन की तर्ज पर गुटबाजी दूर करने के लिए आलाकामन सभी दिग्गजों को एक करे। आगामी विधानसभा चुनाव में लगभग 9 माह का समय बचा हैं। अक्टूबर में चुनाव की प्रक्रिया शुरू  हो जाएगी और दिसम्बर अंत तक मध्यप्रदेश की नई सरकार अस्तित्व में आ जायेगी लेकिन कांग्रेस की तैयारियां देखकर स्पष्ट प्रतीत हो रहा हैं कि वह चुनाव को लेकर गंभीर नहीं हैं। हालांकि दिल्ली में राहुल के राजनैतिक सलाहकारों ने मध्यप्रदेश में उनके दौरो को लेकर रणनीति बनाना शुरू कर दी हैं। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया भी मानते है कि कांग्रेस आलाकामन इस रणनीति पर चर्चा कर रहा है।


वैसे कांग्रेस में मुख्यमन्त्री पद का नाम घोषित कर चुनाव लड़ने की परंपरा नही रही हैं। लेकिन पंजाब के चुनावों के दौरान कैप्टन अमरिंदर सिंह का नाम घोषित कर चुनाव में जाने से कांग्रेस को जीत हासिल हुई थी। ऐसे में माना जा रहा है राहुल गांधी मध्य प्रदेश में कांग्रेस का सेनापति कौन हो इसकी घोषणा जल्द कर सकते हैं। वहीं कांग्रेस के विधायक भी मानते है कि सीएम का चेहरा घोषित कर चुनाव में जाना चाहिए।


दरअसल कमलनाथ ओर सिंधिया ने राहुल गांधी को प्रदेश में जीत का फार्मूला देकर साबित करने की कोशिश की हैं। उनके पास भाजपा को हराने का रोडमैप,ताकत और संगठन हैं। सीएम का चेहरा बनने की ख़्वाहिश रखने वालों में से 47 साल के ज्योतिरादित्य सिंधिया हैं जिन्हें सत्यव्रत चतुर्वेदी,  सुरेश पचौरी ओर दिग्विजय सिंह जैसों के साथ अधिकतर विधायकों का समर्थन हासिल हैं। तो दूसरी तरफ 70 साल के पूर्व केन्द्रिय मंत्री कमलनाथ हैं जिन्हें उम्मीद है कि दिल्ली में बैठे उनके साथियों की मदद से कोंग्रेस की कमान मिल सकती हैं। इस बीच लंबे समय से कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाए जाने की मांग झेल रहे प्रदेश अध्यक्ष मानते है कि अगला चुनाव बिना किसी चेहरे के..सिर्फ राहुल गांधी के नाम पर लड़ा जाना चाहिए।


गुजरात में हार ओर जीत के बारीक अंतर ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को उत्साहित कर दिया हैं। इसलिए राहुल गांधी मध्य प्रदेश में 14 सालों की भाजपा की सत्ता से उपजी एंटी इनकंबेंसी ,किसानो के आक्रोश, भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को भुनाना चाहते है। देखना दिलचस्प होगा कि आलाकामन सेनापति का नाम घोषित कर पूरी कांग्रेसी सेना को भाजपा के खिलाफ लामबंद करती हैं या फिर बिना चेहरे के ही चुनाव लड़ती हैं।

Share:


Related Articles


Leave a Comment