मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा के अंदाज से मुख्यमंत्री शिवराज हैरान परेशान
वजूद को लेकर चल रहा है शीत युद्ध
खबर नेशन / Khabar Nation
मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा के रवैए से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हैरान परेशान हो चले हैं । सूत्रों के अनुसार दोनों के बीच अपनी अपनी राजनीतिक हैसियत को लेकर युद्ध छिड़ा हुआ है । युद्ध के संकेत कार्यकर्ताओं को गाहे बगाहे दे दिए गए जाते।
भाजपा के भोपाल स्थित प्रदेश कार्यालय के सूत्रों के अनुसार लगभग डेढ़ माह पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को मुलाकात के लिए लगभग चालीस पैंतालिस मिनट इंतजार करवा डाला । भाजपा के मीडिया मैनेजरों ने इसे दबाने का भरपूर प्रयास किया । बताया जाता है कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे थे। इसके बाद भी वीडी शर्मा ने एक महत्वपूर्ण बैठक में व्यस्त होने का हवाला देते हुए शिवराज को इंतजार करवाया। सूत्रों के अनुसार उस वक्त विष्णु दत्त दो तीन सामान्य से कार्यकर्ता के साथ बात कर रहे थे । सूत्रों का कहना है कि इसके पूर्व शिवराज ने भी भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त को दो दिन तक मिलने का समय नहीं दिया था। मौका मध्यप्रदेश भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी घोषित किए जाने को लेकर था।
हाल ही में कल मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के भोपाल कार्यालय पर उपचुनाव में डिजीटल प्रचार रथ रवाना करने के पूर्व पत्रकार वार्ता में विष्णु दत्त शर्मा ने मुख्यमंत्री शिवराज को बहुत सीमित मौका दिया । यूं तो भाजपा शिवराज को जननेता के तौर पर स्थापित करने का दावा करती है , लेकिन अपने ही महत्वपूर्ण नेता को मुद्दा बनाने का अवसर दिए जाने से बचती है ।
भाजपा का शिवराज को हालिया तौर पर हैरान परेशान करने का निर्णय मध्यप्रदेश के उपचुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की सूची जारी करने को लेकर रहा। मुख्यमंत्री शिवराज का नाम सूची में दूसरे नम्बर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा के बाद है। जबकि आम विधानसभा चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को वरीयता दी जाती थी । चाहे चुनाव 2018 के रहे हों या 2013 के ।
गौरतलब है कि इस घटनाक्रम को संगठन को मजबूत करने के तौर पर देखा जा रहा है ।