भाजपा में शिवराज कांग्रेस में कमलनाथ की डिमांड
बाकी नेता जातिगत गणित के आधार पर भेजे जा रहे
खबर नेशन/ Khabar Nation
मध्यप्रदेश का उपचुनाव अपने रोचक और गर्माहट भरे माहौल में ढलता जा रहा है । 28 सीटों पर होने जा रहे उपचुनाव में जहां प्रचार और आमसभा के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की डिमांड की जा रही है । भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बाकी नेताओं की डिमांड जातिगत और राजनीतिक गुटबाजी के आधार पर की जा रही है । भाजपा जरुर इस मामले में ज्योतिरादित्य सिंधिया को साथ लेकर जा रही है लेकिन वहां भी डिमांड शिवराज की ही ज्यादा है । जिसकी वजह 22 विधानसभा उपचुनाव क्षेत्रों में उन्हीं को भाजपा प्रत्याशी बनाया है जो सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे ।
दोनों ही पार्टियां सभी विधानसभा क्षेत्रों में जातिगत समीकरणों को साधने के लिहाज से अपने अन्य नेताओं को भेजने का काम कर रहे हैं । भाजपा संगठन के कुछ बड़े नेता जैसे विष्णुदत शर्मा और सुहास भगत सभी क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं के साथ फीडबैक लेने के लिहाज से जा रहे हैं । दोनों ही दलों में दूसरी पार्टी से आए नेताओं के समर्थक और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच सामंजस्य बनाने में दोनों ही राजनैतिक दलों के वरिष्ठ नेताओं को सामंजस्य स्थापित करने में पसीना आ रहा है। कांग्रेस में कद्दावर नेता होने के बावजूद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह बराबर से कदमताल करते हुए नजर नहीं आ रहे हैं ।