माधवगंज शराब दुकान से बिक रही नकली दारू
जिला आबकारी अधिकारी ने दिए जांच के निर्देश
अर्पित उपाध्याय/खबर नेशन/Khabar Nation
विदिशा। माधवगंज स्थित शराब दुकान जो पेट्रोल पंप के सामने इसी साल स्थानांतरित हुई है में पानी मिली शराब का विक्रय होने का आरोप लगा है। एक सुरा प्रेमी ने एक पेटी एमडी की खरीदी थी। जिसमें अधिकांश शराब बॉटल में शुद्ध शराब की जगह पानी मिला हुआ था। पानी मिला होने के कारण ज्यादा पीने के बाद भी नशा नहीं हुआ। इस मामले में आबकारी विभाग में शिकायत करने की बात उक्त व्यक्ति द्वारा कही गई।
कमीशन के खेल में स्वाद कमजोर
जानकार बताते हैं कि सिर्फ माधवगंज स्थित शराब दुकान ही नहीं बल्कि शहर की अन्य शराब दुकानों पर भी इस खेल को खेला जा रहा है। दरअसल दुकान पर अव्वल तो एक से ज्यादा पार्टनर हैं। सभी पार्टनर अपनी पहचान वालों से शराब खरीदने के लिए बोलते हैं। जब खरीदार शराब खरीदने जाता है तो अपने पहचान के बूते शराब की तय कीमत से कम अर्थात कमीशन पर शराब की बॉटल से लेकर पेटी तक खरीद लेता है। शहर की सभी दुकानों पर इस कमीशन के कारण मुख्य दुकान संचालकों और काउंटर पर काम कर रहे लोगों को लगातार घाटा हो रहा था। इस घाटे को दूर करने और कमीशन का खेल जारी रखने के साथ-साथ ग्राहक इसी काउंटर से बंधा रहे, इसके लिए दुकान संचालकों ने मिलावटी शराब या कम असर वाली शराब या पानी मिली शराब बेचना शुरू कर दिया। जानकार बताते हैं कि कोई व्यक्ति यदि शराब खरीदने जाता है तो उसे दुकान के हिस्से से शराब की बॉटल रख जाती है। इस बीच यदि ग्राहक अपनी पहचान और कमीशन का हवाला दे तो उसी कंपनी की शराब की बॉटल दूसरी जगह से उठाकर दी जाती है। कुछ ऐसा ही उक्त व्यक्ति के साथ हुआ। जिन्होंने माधवगंज की शराब दुकान से एक पेटी शराब खरीदी थी।
इनका कहना है
मामला गंभीर है, मैं अपने स्टाफ से इस पूरे मामले की जांच के लिए कहूंगा और दुकान से रेंडमली किसी भी शराब की बाटल उठाकर उसकी जांच कराऊंगा।
- शैलेन्द्र जैन, जिला आबकारी अधिकारी विदिशा