गुर्जर जाति ऐतिहासिक और बलिदानी जाति रही है जिसने देश की रक्षार्थ सदैव अग्रणी भूमिका निभायी: कमलनाथ
ऑल इंडिया गुर्जर विकास संगठन मप्र, सम्मेलन-संवाद कार्यक्रम
भाजपा सरकार ने 3 लाख 30 हजार करोड़ का कर्जा लिया,
क्या इसमें से अतिथि शिक्षकों को, संविदा कर्मचारियों
और आशा कार्यकर्ताओं के लिए दिये
भाजपा राज में पैसा दो काम लो की राजनीति चल रही है: कमलनाथ
सम्मेलन में गुर्जर समाज के प्रतिनिधियों ने पांच सूत्रीय मांगे रखी: वीरेन्द्र हर्षाना
श्री कमलनाथ ने स्व. संजय गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किये
खबर नेशन/ Khabar Nation
भोपाल,। गुर्जर जाति ऐतिहासिक और बलिदानी जाति रही है। गुर्जर समाज देश की रक्षार्थ सदैव अग्रणी भूमिका में रही है। स्वाभिमान और बलिदान से भरा इस जाति का इतिहास रहा है और गुर्जर समाज से मेरा भी पारिवारिक रिस्ता है। आज प्रदेश में भ्रष्टाचार के क्या हालात है, गांव गांव तक यही हाल है पैसा दो और काम लो यह आज हालात है। पैसे लो और गरीबी रेखा में नाम जुड़वा लो, योजनाओं में कमीशन चल रहा है। पिछले 12 महीनों में कितना कर्जा भाजपा सरकार ने लिया है 3 लाख 30 हजार करोड़ का कर्जा लिया है। मैं पूछता चाहता हूं कि क्या यह पैसा हमारे संविदा कर्मचारियों को दिया अतिथि शिक्षकों दिया, क्या इस पैसे से हमारे आशा कार्यकर्ताओं को लाभ हुआ, नहीं हुआ। इन पैसों से बड़े-बड़े ठेके दिए गए और कमीशन लिया गया। भाजपा के पास अब कुछ नहीं बचा, केवल पुलिस, पैसा और प्रशासन के सिवाय। शिवराजसिंह की आजकल डबल स्पीड़ की घोषणा की मशीन चल रही है। गुर्जर समाज की जो भी मांगे हैं कांग्रेस सरकार बनने पर उन्हें पूरा किया जायेगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के सभागार में आयोजित ऑल इंडिया गुर्जर विकास संगठन मप्र के गुर्जर समाज के प्रतिनिधियों के सम्मेलन एवं संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुये यह बातें कहीं। इसके पूर्व श्री कमलनाथ ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता स्वर्गीय संजय गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उनका पुण्य स्मरण किया।
श्री कमलनाथ ने कहा कि 2018 में कांग्रेस की सरकार बनी जो 15 महीने चली, जिसमें साढ़े 11 महीने हमें काम के लिए मिले और हमने अपनी नीति और नीयत का परिचय दिया। हमने अपनी सरकार में वृद्धावस्था पेंशन बढ़ायी, 100 रू. में 100 यूनिट बिजली दी, गौशालाएं बनायी, रोजगार के नये अवसर प्रदान करने की पहल की, किसानों के लिए कर्जमाफी योजना लाकर 27 लाख किसानों का कर्जा माफ किया। दूसरी किश्त की शुरूआत होने वाली थी, किसानों को खाद-बीज के लिए नहीं भटकना पड़ रहा था, किंतु भाजपा ने धोखे से पीछे के दरवाजे से खरीद-फरोख्त कर सरकार बना ली, प्रदेश के हालात क्या है, प्रदेश की तस्वीर जनता के सामने है। जहां देखों वहां भ्रष्टाचार, शिवराज सिंह ने प्रदेश को भ्रष्टाचार प्रदेश बना दिया है।
श्री कमलनाथ ने कहा कि आप जिस समाज से हैं उसका अपना इतिहास है, आपने हमेशा सच्चाई का साथ दिया है और प्रदेश की तस्वीर देख लीजिए। कांग्रेस का साथ मत देना, कमलनाथ का साथ मत देना पर सच्चाई का जरूर देना। सच्चाई का साथ देंगे तो मध्य प्रदेश के मानचित्र पर कांग्रेस का परचम लहरायेगा। क्योंकि यह चुनाव केवल उम्मीदवार का नहीं, पार्टी का नहीं है, यह चुनाव मध्यप्रदेश का भविष्य तय करेगा, आप सभी आने वाले भविष्य के रक्षक हैं आप आज तक कभी ऐसा चुनाव नहीं हुआ है जो अगले 5 महीनों में होने जा रहा है, यह आम जनता का चुनाव है।
ऑल इंडिया गुर्जर विकास संगठन मप्र के अध्यक्ष वीरेन्द्र हर्षाना ने गुर्जर समाज की ओर से कमलनाथ जी के समक्ष पांच सूत्रीय मांगे रखी, जिसमें देवनारायण बोर्ड का गठन, गुर्जर छात्रावास आदि प्रमुख है। वहीं श्री हर्षाना ने कहा कि गुर्जर समाज कांग्रेस पार्टी के साथ है जो आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए कृत संकल्पित है। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष जे.पी. धनोपिया ने किया।
सम्मेलन एवं संवाद कार्यक्रम को पूर्व सांसद ताराचंद पटेल, विधायक राकेश मावई, पूर्व विधायक आर.के. दोगने, गुर्जर महासभा के उपाध्यक्ष देवेन्द्र पटेल, श्री कल्याण सिंह कंसाना, प्रदेश अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ श्रीमती राजकुमारी, श्रीमती संतोष कंसाना, निहाल सिंह गुर्जर, अध्यक्ष ग्वालयर, गुर्जर संगठन, रणजीत सिंह गुर्जर, उपाध्यक्ष, गुर्जर महासभा संगठन आदि ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष अशोक सिंह, गुर्जर संगठन के पदाधिकारी पुष्पराज सिंह, अध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी होशंगाबाद, हाकिम सिंह गुर्जर, सदस्य, जिला पंचायत, श्रीमती आरती पटेल, अध्यक्ष, महिला संगठन श्री दिनेश गुर्जर, मप्र किसान कांग्रेस अध्यक्ष, श्री रामशंकर सिंह गुर्जर, जिला अध्यक्ष दतिया, श्री जसवीर सिंह गुर्जर मुरैना सहित प्रदेश भर से आये गुर्जर ऑल इंडिया गुर्जर विकास संगठन के समाजबंधु बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
लिखें और कमाएं
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण । आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं । अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999