कांग्रेसियों के लालच में मत आना, ये चुनाव बाद जनता का शोषण करते हैं : राकेश सिंह
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा-कांग्रेस ने जनता को गुमराह किया, इसलिए जीतेगी भाजपा ही
खबर नेशन /Khabar Nation
भोपाल। कांग्रेसी आएंगे और आप लोगों को कई लालच देंगे। लेकिन इनके लालच में मत आना। यह लोग चुनाव के समय लालच लेकर आते हैं और उसके बाद जनता का शोषण करते हैं। जनता के हित की योजनाएं बंद कर देते हैं। इस बार तय कर लेना कि भाजपा के भानू भूरिया को जिताकर झाबुआ के भविष्य को सुनिश्चित करना है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री राकेश सिंह ने झाबुआ की जनता को सतर्क करते हुए कही। श्री सिंह शनिवार को झाबुआ में मीडिया से चर्चा कर रहे थे।
कांग्रेस ने झूठ बोला, इसलिए जीतेगी भाजपा ही
श्री सिंह ने कहा कि झाबुआ उपचुनाव भाजपा ही जीतेगी। प्रदेश में मुख्यमंत्री कमलनाथ और कांग्रेस के खिलाफ बहुत आक्रोश है। सरकार ने कोई वादा पूरा नहीं किया। अब कांग्रेस के ज्योतिरादित्य सिंधिया जैसे बड़े नेता कह रहे हैं कि किसानों से जो 2 लाख रूपए तक की कर्जमाफी का वादा किया गया था वह पूरा नहीं हुआ है। इससे साबित होता है कि मुख्यमंत्री, मंत्री और उनके नेता लगातार झूठ बोलकर जनता को गुमराह कर रहे है। प्रदेश में भीषण वर्षा के कारण किसानों की फसलें चौपट हो गई हैं। मुआवजा, सर्वे तो दूर की बात है, मुख्यमंत्री या सरकार का कोई मंत्री किसानों के हाल पूछने भी नहीं पहुंचा। ऐसे कई कारण है जिसके कारण सरकार के खिलाफ जनता में गुस्सा है और वह अपना समर्थन भाजपा को देगी।
सच्चे का बोलबाला, झूठे का मुंह काला
श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस की यह सरकार चुन-चुनकर भाजपा कार्यकर्ताओं को परेशान कर रही है। हमारे कार्यकर्ता परेशान भले ही हों, लेकिन वे प्रत्येक मतदान केन्द्र पर कमर कसकर तैयार है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता प्रत्येक घर में जाएं और लोगों से पूछें कि क्या कांग्रेस ने जो वादे किए थे वह पूरे हो गए हैं? लोगों को यह समझाएं कि जो धोखेबाज हैं, उन पर भरोसा कैसे कर सकते हैं। इसलिए कहा गया है सच्चे का बोलबाला और झूठे का मुंहकाला। उन्होंने कांग्रेस सरकार द्वारा नर्मदा किनारे पौधारोपण मामले की जांच के आदेश का प्रचार किए जाने पर कहा कि हमने पहले भी कहा था कि मामले की जांच की जाए, उसमें जो भी होगा सामने आ जाएगा।
ऐसी सरकार को सत्ता में रहने का अधिकार नहीं
प्रदेश अध्यक्ष श्री सिंह ने कहा कि आजादी के 70 सालों में से 56 साल तक प्रदेश में कांग्रेस की सरकार रही है, लेकिन झाबुआ में कभी विकास की किरण नहीं पहुंची। यहां सड़कें भी तब बनी जब श्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी। उन्होंने कहा कि जब से कांग्रेस की सरकार आयी है, इसने गरीबों के लिए लागू की गई सारी योजनाएं बंद कर दी हैं। अब तो लोग इलाज के लिए भी तरसने लगे हैं। ऐसी सरकार को सत्ता में रहने का अधिकार नहीं है। झाबुआ में भाजपा की जीत से कांग्रेस सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो जायेगी।
गांव का विकास नहीं होने दिया, क्षेत्र का विकास क्या करेंगे
श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस से कांतिलाल भूरिया के परिवार के लोग ही चुनाव जीतते रहे हैं। उन्होंने अपने गांव का विकास तक नहीं होने दिया। जो अपने गांव का विकास नहीं कर पाया, वो आप सभी का विकास कैसे करेगा? उन्होंने कहा कि इन लोगों को अब सबक सिखाना है कि इस बार झाबुआ की धरती पर झूठ नहीं चलेगा। इनके झूठ से मुक्ति के लिए कमल के फूल और भानू भूरिया को जिताकर अपना आशीर्वाद दें।
कांग्रेस छोड़कर आए कार्यकर्ताओं को पार्टी में किया शामिल
प्रदेश अध्यक्ष श्री सिंह की उपस्थिति में कांग्रेस कार्यकर्ता श्री हर्ष सिंह बारिया एवं श्री प्रेम सिंह तोलिया अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए। प्रदेश अध्यक्ष श्री सिंह ने पुष्पमाला पहनाकर उनका स्वागत किया और उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। प्रदेश अध्यक्ष श्री सिंह ने पीलिया खदान, सेमलिया, बारिया फलिया में प्रभारियों एवं सह प्रभारियों को संबोधित किया। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता श्री कृष्णमुरारी मोघे, सांसद श्री जी.एस.डामोर, संभागीय संगठन मंत्री श्री जयपाल चावड़ा, इंदौर विधायक श्री महेंद्र हार्डिया, जिला अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश शर्मा एवं पूर्व विधायक श्री वेलसिंह भुरिया उपस्थित थे।