बदनावर अस्पताल की बदहाली पर भाजपा नेता का हस्तक्षेप
धार। बदनावर सिविल अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में व्याप्त कमियों को लेकर भाजपा खेल प्रकोष्ठ जिला धार के सह-संयोजक एवं राजमाता विजयाराजे सिंधिया फाउंडेशन के प्रदेश महामंत्री मोहित कुमार पांचाल ने प्रशासन के सामने मोर्चा खोला है। उन्होंने धार कलेक्टर राजीव रंजन मीणा और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनीता सिंघल से मुलाकात कर अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की।
मोहित पांचाल ने अधिकारियों को बताया कि बदनावर क्षेत्र औद्योगिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों का तेजी से उभरता केंद्र है, जहां बड़ी संख्या में श्रमिक और उनके परिवार निवास करते हैं। इसके बावजूद स्थानीय सिविल अस्पताल में आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। उन्होंने अस्पताल में दवाइयों, इंजेक्शन, जांच सुविधाओं और विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
पांचाल ने कहा कि कई स्वास्थ्य उपकरण और मशीनें लंबे समय से बंद पड़ी हैं, जिसके चलते मरीजों को निजी अस्पतालों और पैथोलॉजी लैब का रुख करना पड़ रहा है। इसका सबसे अधिक असर आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों पर पड़ रहा है।
उन्होंने अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य आवश्यक कर्मचारियों की नियुक्ति के साथ सभी जरूरी चिकित्सा संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं नागरिकों का अधिकार हैं और इस विषय पर किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता ।
मोहित पांचाल ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बदनावर की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए वे लगातार प्रयास करते रहेंगे और जनहित के मुद्दों को शासन-प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाते रहेंगे।
मामले पर कलेक्टर राजीव रंजन मीणा एवं CMHO डॉ. अनीता सिंघल ने अस्पताल की समस्याओं का परीक्षण कर आवश्यक एवं नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
बदनावर अस्पताल की बदहाली पर भाजपा नेता का हस्तक्षेप