राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस को बड़ा झटका, मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त
ब्रेकिंग अपडेट: मध्यप्रदेश राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस को बड़ा झटका, मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त
भोपाल। मध्यप्रदेश की तीसरी राज्यसभा सीट को लेकर चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम में बड़ा मोड़ आ गया है। कांग्रेस की अधिकृत उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र रिटर्निंग ऑफिसर ने जांच के बाद निरस्त कर दिया है। भाजपा ने उनके नामांकन पर आपत्ति दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि उन्होंने अपने शपथ पत्र में एक लंबित कानूनी मामले की जानकारी छिपाई है। इसके बाद निर्वाचन अधिकारी ने आपत्तियों की सुनवाई कर नामांकन रद्द करने का निर्णय लिया।
कांग्रेस ने इस फैसले को राजनीतिक प्रेरित बताते हुए दावा किया है कि मीनाक्षी नटराजन के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। पार्टी नेताओं और राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने कहा है कि संबंधित मामले में न तो कोई एफआईआर दर्ज हुई है और न ही किसी अदालत ने आपराधिक मुकदमा चलाने का आदेश दिया है। उनके अनुसार केवल एक कानूनी नोटिस जारी हुआ था, जिसका जवाब भी दिया जा चुका है।
सूत्रों के अनुसार कांग्रेस अब इस मामले को न्यायालय में चुनौती देने की तैयारी कर रही है। पार्टी का तर्क है कि नामांकन निरस्त करने की कार्रवाई निर्वाचन कानून और प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के विपरीत है। कांग्रेस चाहती है कि अदालत तत्काल सुनवाई कर रिटर्निंग ऑफिसर के आदेश पर रोक लगाए।
राजनीतिक दृष्टि से यह फैसला बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यदि न्यायालय से कांग्रेस को राहत नहीं मिलती और 11 जून को नाम वापसी की अंतिम तिथि तक स्थिति नहीं बदलती, तो भाजपा के तीनों उम्मीदवारों के निर्विरोध निर्वाचित होने का रास्ता लगभग साफ हो सकता है। इससे मध्यप्रदेश के राज्यसभा चुनाव का पूरा गणित बदल जाएगा।
फिलहाल कांग्रेस कानूनी विकल्पों पर विचार कर रही है और देर रात या बुधवार सुबह तक हाईकोर्ट में याचिका दायर किए जाने की संभावना जताई जा रही है। पूरे प्रदेश की नजर अब अदालत और चुनाव आयोग की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।
राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस को बड़ा झटका, मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त