10 जून को लाडली बहनों के खातों में एक-एक हजार रुपये डालेंगे मुख्यमंत्री

कैरियर May 29, 2023

 

भाजपा महिला मोर्चा हेल्पडेस्क बनाकर छूटी महिलाओं को दिलाएगा योजना का लाभ

 

खबर नेशन / Khabar Nation  


भोपाल ।  मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा शुरू की गई लाडली बहना योजना में आगामी 10 जून को मुख्यमंत्री एक करोड़ 25 लाख बहनों के खातों में पहली किस्त एक-एक हजार रुपये डालेंगे। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा प्रदेशभर में हेल्पडेस्क बनाकर योजना की पात्र बहनों को पात्रता पत्र वितरित करने में सहयोग करेगा। साथ ही छूटी हुई बहनों को योजना का लाभ दिलाएगा। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं महिला मोर्चा की प्रदेश प्रभारी सीमा सिंह ने रविवार को प्रदेशभाजपा कार्यालय में पत्रकारवार्ता में यह जानकारी दी।  
लाडली बहना योजना शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री को बधाई देते हुए सीमा सिंह ने कहा कि सरकार कोई अच्छा काम करती है तो कांग्रेस को चालाकी सूझती है। मप्र की राजनीति में इन दिनों महिलाएं केन्द्र में हैं। शिवराज सरकार ने लाडली बहना योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की विवाहित, तलाकशुदा, विधवा महिलाओं को एक हजार रुपए महीना देने जा रही है। कांग्रेस ने इसका काट खोजने के लिए नारी सम्मान योजना की घोषणा की है, जिसका कोई आधार नहीं है। उन्होंने कहा, कांग्रेस ने घोषणाएं तो बहुत की हैं। अभी वह आधार कार्ड जमा कर रहे हैं। उन्होंने आधार कार्ड ले लिया और बोल दिया कि हम आपका कार्ड लिंक कर देंगे। लेकिन कांग्रेस प्रदेश की महिलाओं को साइबर क्राइम की तरफ धकेल रही है। उनका आधार कार्ड, मोबाइल नंबर लिया गया है, जिसका दुरुपयोग भी हो सकता है।
सीमा सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है, जिसने बेटियों की सुरक्षा के लिए लाडली लक्ष्मी योजना शुरू की। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना शुरू की। केंद्र सरकार ने लखपति बहना, उज्ज्वला योजना जैसी योजना शुरू की हैं। कांग्रेस की 15 महीने की सरकार में कागजी घोषणाएं की, लेकिन जमीन पर नहीं उतरीं। कांग्रेस ने भाजपा की योजनाओं को बंद कर दिया था। अब तीर्थ दर्शन योजना में बुजुर्ग हवाई यात्रा कराई जा रही है। गरीब और अब गरीब नहीं है वह भी हवाई यात्रा कर सकता है। वीआईपी ट्रीटमेंट ले सकता है।
भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता एवं महिला मोर्चा की प्रदेश मीडिया प्रभारी सुश्री नेहा बग्गा ने कहा, लाडली बहना योजना के क्रियान्वयन में महिला मोर्चा की अहम भूमिका रहेगी। महिला मोर्चा की जिला स्तर पर बैठकें होगी। विधानसभा में एक-एक बहन को प्रभारी बनाया जाएगा। वह बूथ स्तर तक जाएंगीं। अगर किसी बहन को योजना का लाभ नहीं मिला है तो उनके नामों की सूची बनाकर लाभ दिलाने के लिए हमारी हेल्प डेस्क काम करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान संकेतिक रूप से योजना की पात्र बहनों को पात्रता पत्र सौपेंगे एवं प्रदेशभर में योजना की पात्र बहनों के खातों में एक-एक हजार रुपये राशि ट्रांसफर करेंगे। उन्होंने कहा कि योजना की पात्रता के प्रमाण के रूप में यह पात्रता पत्र महिलाओं के पास रहेगा। पत्रकार वार्ता में मोर्चा की जिला अध्‍यक्ष श्रीमती वंदना जाचक उपस्थित थीं।


लिखें और कमाएं       
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण । आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं । अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999

 

 

 

 

 

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment