भाजपा सरकार के प्रयासों से कम हुई प्रदेश में शिशु मृत्यु दर: रजनीश अग्रवाल

राजनीति Jul 21, 2019

खबर नेशन/Khabar Nation  

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी की सरकार की छवि खराब करने के लिए कांग्रेस ने विपक्ष में रहते हुए कई बार प्रदेश में शिशु मृत्यु दर में वृद्धि के लिए मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की सरकार पर आरोप लगाए हैं। लेकिन यह सच्चाई कांग्रेस के नेता भी जानते थे कि वे झूठ बोल रहे हैं। अब कांग्रेस की प्रदेश सरकार के स्वास्थ्यमंत्री ने भी यह मान लिया है कि भाजपा की सरकार ने प्रदेश में शिशु मृत्युदर को बढ़ने नहीं दिया, उसे नियंत्रित किया था। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल ने विधानसभा में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री द्वारा दिए जवाब पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही।  

उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली भाजपा की प्रदेश सरकार ने प्रदेश में माताओं एवं शिशुओं के स्वास्थ्य पर काफी जोर दिया था। कुपोषण दूर करने के लिए कई योजनाएं बनाई थीं। इसके अलावा शिशुओं में समय रहते बीमारियों का पता लगाने,  उनके उपचार के लिए हर जिला अस्पताल में विशेष यूनिट स्थापित किए जाने उपाय किए थे। मुख्यमंत्री बालहृदय उपचार योजना में हृदयरोगी बच्चों के ऑपरेशन की व्यवस्था की गई। यही वजह रही कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में शिशु मृत्युदर में गिरावट दर्ज की गई, जो मि. बंटाढार के शासनकाल में काफी ऊंची थी। 

अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश के स्वास्थ्यमंत्री ने भी राज्य विधानसभा में यह स्वीकार किया है कि वर्ष 2009-10 से 2018-19 के बीच शिशु मृत्युदर में तेजी से गिरावट है। इन वर्षों में नवजात शिशु मृत्यु दर में 31.91 फीसदी, शिशु मृत्यु दर में 26.56 फीसदी और बाल मृत्यु दर में 38.2 प्रतिशत की कमी आई है। स्वास्थ्य मंत्री ने यह माना है कि शिशु मृत्युदर को नियंत्रित करने में नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

Share:


Related Articles


Leave a Comment