संगठन पर्व के तहत असाधारण होगा सदस्यता अभियान: शिवराज सिंह

राजनीति Jun 19, 2019

रामलाल जी और शिवराज सिंह ने की सदस्यता प्रभारियों से बात

खबर नेशन/Khabar Nation   

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल एवं सदस्यता अभियान के राष्ट्रीय प्रभारी शिवराजसिंह चौहान ने आज देश के सभी राज्यों के नेताओं से सदस्यता अभियान के संदर्भ में विस्तृत चर्चा की। पार्टी ने 6 जुलाई से 11 अगस्त तक चलने वाले सदस्यता अभियान को संगठन पर्व सदस्यता अभियान नाम दिया है। इस पर्व का नारा है ‘सर्वस्पर्शी भाजपा-सर्वव्यापी भाजपा’ अर्थात इस बार सदस्यता के विशेष प्रयास उन सब तक किए जायेंगे जो पिछली बार छूट गए थे। वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए हुई चर्चा में रामलाल दिल्ली से और शिवराजसिंह चौहान भोपाल से देश भर में चर्चा कर रहे थे।

इस संबंध में शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि उन्होंने विभिन्न प्रदेशों के सदस्यता प्रभारियों एवं आईटी सेल के कार्यकर्ताओं से चर्चा की है। इस बार भी सदस्यता मिस्ड कॉल के द्वारा प्राप्त की जा सकती है और उसी समय सदस्य बनाने वाला कार्यकर्ता मिस्ड कॉल करने वाले से पत्रक भी भरवाएगा। जिससे उसकी सदस्यता से व्यवस्थित पुष्टि हो सके। श्री चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी असाधारण कार्यकर्ताओं की पार्टी है। इस पार्टी के पास नरेन्द्र मोदी और अमित शाह जैसा असाधारण नेतृत्व है। आने वाले दिनों में हम कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ इस बार सदस्यता भी असाधारण ही करेंगे। इस बार एक अभिनव प्रयास किया जायेगा, जिसमें लगभग पौने दो लाख शक्ति केन्द्रों के लिए 7 दिन देने वाला कार्यकर्ता विस्तारक के रूप में निकाला जायेगा।

उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान की व्यापक तैयारियां प्रारंभ हो चुकी है। प्रदेश सदस्यता प्रमुखों की नियुक्ति के बाद गत 17 जून को उनकी बैठक हुई। आने वाली 23 जून तक सभी प्रदेशों में जिला सदस्यता प्रमुखों की बैठकें होंगी। इसी प्रकार से जिलों में 30 जून तक मंडल सदस्यता प्रमुखों की बैठक होगी। तत्पश्चात 5 जुलाई तक बूथ और शक्ति केन्द्र प्रमुखों की बैठकें भी संपन्न होगी। सदस्यता अभियान 6 जुलाई से 21 अगस्त 2019 तक चलेगा।

वीडियो कान्फ्रेंसिंग के दौरान पार्टी के आईटी प्रभारी अमित मालवीय ने विस्तार से सदस्यता अभियान के तकनीकी पक्ष को सभी प्रदेशों के सदस्यता प्रमुखों और अन्य नेताओं को समझाया। प्रदेशों में होने वाली बैठकों में भी मिस्ड कॉल के द्वारा होने वाली सदस्यता की तकनीकी जानकारी को विस्तार से समझाया जायेगा।

प्रदेश कार्यालय में आयोजित वीडियो कान्फ्रेंसिंग में पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, प्रदेश उपाध्यक्ष विजेश लुणावत, प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर, आईटी विभाग के संयोजक शिवराज सिंह डाबी उपस्थित थे।

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment