प. बंगाल को अपनी जागीर समझ तानाशाही चलाना चाहती हैं ममता बनर्जीः राकेश सिंह

राजनीति May 14, 2019

खबरनेशन/Khabarnation   

भोपाल। पं. बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी प.बंगाल को अपनी जागीर समझती है। उन्हें यह पसंद नहीं कि कोई उनकी निरंकुश सत्ता को चुनौती दे, इसीलिए वहां भाजपा के पक्ष में जनता का आगे आना उन्हें बिल्कुल रास नहीं आ रहा है। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर हो रहे हमले उनकी इसी मानसिकता की निशानी हैं। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने पं. बंगाल में लोकसभा चुनाव के सह प्रभारी अरविंद मेनन पर हुए हमले पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही।

पं. बंगाल में लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा के सह प्रभारी अरविंद मेनन पर सोमवार-मंगलवार की रात उत्तर 24 परगना के बारसात में घात लगाकर बैठे तृणमूल कांग्रेस के गुंडों ने हमला कर दिया। मेनन की सुरक्षा में तैनात केंद्रीय बलों के जवान किसी तरह उन्हें वहां से निकाल पाए। इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने कहा कि ममता बनर्जी पं. बंगाल में एक निरंकुश साम्राज्ञी की तरह शासन करना चाहती हैं, जिसकी सत्ता को चुनौती देने वाला कोई न हो। लेकिन उनकी तानाशाही, तुष्टिकरण और दमन के खिलाफ पं. बंगाल की जनता भारतीय जनता पार्टी के समर्थन में आगे आ रही है। भाजपा के पक्ष में दिख रहे जनमत के इस उफान से ममता बनर्जी और उनकी तृणमूल कांग्रेस बौखला गई है। जनमत के इस ज्वार को कुचलने के लिए तृणमूल कांग्रेस के लोग ममता बनर्जी के इशारे पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की हत्याएं कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के समर्थन से टीएमसी के गुंडों के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि वे भाजपा के लोकसभा प्रत्याशियों और नेताओं पर भी हमले करने लगे हैं। राकेश सिंह ने कहा कि ममता बनर्जी और उनकी पार्टी चाहे जितने अनैतिक और गैरकानूनी हथकंडों का इस्तेमाल कर लें, लेकिन लोकतंत्र को कुचलने की उनकी कोशिशें कभी कामयाब नहीं होगी और पं. बंगाल की जनता उनकी हर ऐसी कोशिश का जवाब लोकसभा चुनाव में देगी।

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment