मोदी जी के नेतृत्व में छठे स्थान पर पहुंची भारत की अर्थव्यवस्था: तोमर

राजनीति May 14, 2019

केन्द्रीय मंत्री ने कहा- झूठ की राजनीति कर रही कांग्रेस

खबरनेशन/Khabarnation  

खण्डवा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इन 5 सालों में देश को आगे बढ़ाने वाले अनेक निर्णय लिए हैं। मोदी जी के नेतृत्व में देश ने हर मोर्चे पर सफलता अर्जित की है। मोदी के कठोर निर्णय, कुशल नेतृत्व और आर्थिक सुधारों का परिणाम है कि भारत की अर्थव्यवस्था 11 वें स्थान से अब छठे स्थान पर पहुंच गई है। प्रधानमंत्री मोदी आने वाले वर्षों में भारत को विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं। यह बात केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर ने मंगलवार को खण्डवा लोकसभा के पार्टी प्रत्याशी नंदकुमारसिंह चौहान के समर्थन में भगवानपुरा के धूलकोट एवं पंधाना के सिंगोट में आयेाजित सभाओं को संबोधित करते हुए कही।

देश का सम्मान बढ़ाया

केंद्रीय मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर ने कहा कि नरेन्द्र मोदी ने देश के नवनिर्माण की कल्पना को साकार करते हुए देश का दुनिया में मान-सम्मान बढ़ाया है। देश को पाकिस्तान और उसके आतंकवादियों से सुरक्षा दी है। यूपीए सरकार के समय आतंकी हमले होते थे,  कांग्रेस सरकार उफ नहीं करती थी। अभी पुलवामा हमला हुआ, हमारे 40 जवान शहीद हो गए। मोदी ने वायुसेना को आदेश दिया और हमारे जवानों ने बालाकोट पर बम गिरा कर आतंकियों के अड्डे नेस्तानाबूद कर दिया।

कांग्रेस ने सत्ता में रहते क्या किया

तोमर ने कहा कि कांग्रेस झूठ की राजनीति कर रही है। पं. जवाहरलाल नेहरू से लेकर इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, मनमोहन सिंह तक सभी ने गरीबी हटाओ की बातें की और अब राहुल गांधी भी यही बात कह रहे हैं। अगर इतने समय के बाद भी कांग्रेस यहीं बात दोहरा रही है तो अब तक उन्होंने सत्ता में रहते हुए क्या किया?  उन्होंने कहा कि गरीबी हटाओ कांग्रेस के लिए सिर्फ पॉलिटिकल स्लोगन है। वास्तव में इस देश की जनता को भ्रमित कर वोटों का ध्रुवीकरण करने का कांग्रेस का पुराना इतिहास रहा है।

मोदी जी मजबूत की देश की बुनियाद

तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के विकास, सुरक्षा व राष्ट्रवाद की बात करते हैं। उनके लिए राष्ट्रवाद ही सर्वोपरि है। उन्होंने देश की बुनियाद बनाने का काम किया है। मोदी जी के समय में गरीब कल्याण के योजनाएं देश में पहली बार लोगों तक पहुंची है। एनडीए सरकार की इन योजनाओं ने प्रत्येक वर्ग को लाभ पहुंचाया है। पांच वर्ष की मोदी सरकार ने देश का चहुंमुखी विकास किया। वर्तमान में भारत दुनिया की सबसे तेज बढ़ती अर्थव्यवस्था वाला देश है। पहली बार हमारा देश स्वाभिमान के साथ खड़ा है,  चाहे आतंरिक सुरक्षा की बात हो या बाह्य सुरक्षा की।

मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार का बोलबाला

तोमर ने कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस की बिना बहुमत की सरकार के कारण कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। भ्रष्टाचार चरम पर है। कांग्रेस सरकार तबादला उद्योग में व्यस्त है और भोपाल में दलाल सक्रिय हो गए हैं। चार महीने में अगर यह हालात हैं,  तो चार साल में यह सरकार क्या करेगी?  उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने किसानों का कर्जा माफ नहीं किया। अब बैंक उन्हें नोटिस भेज रहे हैं कि पैसा जमा करो, नहीं तो कार्रवाई की जाएगी। कांग्रेस के अध्यक्ष ने चुनाव के पहले बड़े बड़े वादे किए थे। कर्जमाफी की बात कही थी और कर्जमाफी न होने पर मुख्यमंत्री बदलने का वादा किया था, लेकिन न कर्जमाफी हुई और न सीएम बदला गया। सभा के दौरान पूर्व मंत्री गौरीशंकर विसेन, रामपाल सिंह जी, विधायक देवेन्द्र वर्मा, श्रीराम डंगोरे, सुश्री मंजू दादू सहित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share:


Related Articles


Leave a Comment