तबादलों के फेर में न पड़ें, कानून व्यवस्था सुधारें मुख्यमंत्रीः शिवराजसिंह चौहान

राजनीति Feb 14, 2019

खबरनेशन/Khabarnation  

भोपाल। प्रदेश में अपराध और अपराधी फिर सिर उठा रहे हैं। बच्चों के अपहरण हो रहे हैं, हत्याएं हो रही हैं और डाकू समस्या फिर गंभीर होने लगी है। मुख्यमंत्री कमलनाथ तबादलों के फेर में न पड़ें और प्रदेश की कानून व्यवस्था सुधारने पर ध्यान दें। यह बात बुधवार को पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कही। उन्होंने बच्चों के अपहरण की लगातार बढ़ रही घटनाओं पर चिंता भी जताई।

प्रदेश में लगातार बढ़ रहे अपराधों को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने प्रदेश सरकार की निंदा की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ये क्या हो रहा है, नई सरकार के आने के बाद से पुलिस महकमे में ही 800 से ज्यादा ट्रांसफर हो चुके हैं। मुख्यमंत्री इस खेल को छोड़कर प्रशासन संभालें और कानून व्यवस्था पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता की सुरक्षा की हमें चिंता है। चौहान ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री से आग्रह करूंगा कि वे कानून व्यवस्था के मामले में आरोप-प्रत्यारोप न करें, जनता की सुरक्षा करना उनकी ड्यूटी है। सरकार जनता की सुरक्षा पर ध्यान दे।

फिर सिर उठाने लगी डाकू समस्या

पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि हमारी सरकार के समय में हमने तय किया था कि मध्यप्रदेश की धरती पर एक भी डकैत नहीं रहेगा। लेकिन प्रदेश में अब फिर से डकैत गिरोह सक्रिय होने लगे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने अगर समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया, तो डकैत फिर से प्रदेश में खेलने लगेंगे। चौहान ने कहा कि प्रदेश में दिन दहाड़े बच्चों के अपहरण हो रहे हैं। इससे दुर्भाग्यपूर्ण कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि उन माँ-बाप की स्थिति हम समझ सकते हैं, जिनके बच्चों का अपहरण हुआ है। जरूरत इस बात की है कि मुख्यमंत्री कमलनाथ और उनकी सरकार भी इसे समझे और कानून व्यवस्था सुधारने के लिए तत्काल कदम उठाए।

Share:


Related Articles


Leave a Comment