राहुल गांधी जवाब दें, कांग्रेस ने मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य क्यों बनाया : मुख्यमंत्री

राजनीति Sep 16, 2018

खबरनेशन/Khabarnation  
जनआशीर्वाद यात्रा पर नरसिंहगढ़ पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराजसिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष से किया सवाल

 नरसिंहगढ़। राहुल जी, आप हमेशा कांग्रेस की बातें करते हैं। आपको प्रदेश की जनता को बताना पड़ेगा कि आपकी सरकारों ने अपने शासनकाल के दौरान मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य क्यों बना डाला ? यह सवाल मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने नरसिंहगढ़ में जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान आयोजित सभा में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से किए। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस अध्यक्ष से पूछा कि राहुल जी,  आपकी सरकारों ने मध्यप्रदेश को तबाह और बर्बाद क्यों कर दिया था ?
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की जन आशीर्वाद यात्रा रविवार को प्रदेश के राजगढ़ जिले में पहुंची। यात्रा की शुरुआत नरसिंहगढ़ से हुई। यहां मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत हुआ। काफिले के रूप में मुख्यमंत्री सभा स्थल तक पहुंचे। रास्ते में लोंगों ने कई स्थानों पर मंच बनाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री जी के साथ मंच पर पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं यात्रा प्रभारी श्री प्रभात झा तथा अन्य नेतागण उपस्थित थे।

कांग्रेस के शासन में क्यों गायब हो गई थी सड़कें?

नरसिंहगढ की जनसभा में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और उसके अध्यक्ष राहुल गांधी को जमकर आड़े हाथों लिया और उन पर सवालों की बौछार की। मुख्यमंत्री ने सभा में उपस्थित जनसमुदाय को भाजपा और कांग्रेस की सरकारों में अंतर बताते हुए कहा कि सरकार- सरकार में फर्क होता है। कांग्रेस की सरकार आई सड़कें गायब हो गयीं,  हमने सड़कों का जाल बिछाया। कांग्रेस आई प्रदेश में अंधेरा हो गया और हमने 24 घंटे बिजली देने का काम किया। कांग्रेस आई, पानी की कमी हो गई। हमने मोहनपुरा और कुण्डलिया बांध बनाया। पार्वती परियोजना बनाई जिससे 1 लाख 20 हजार एकड़ जमीन में सिंचाई होगी। इस परियोजना से 132 गांव लाभान्वित होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भोपाल आ रहे हैं, मैं उनसे पूछता हूं कि तुम्हारी सरकारों के समय में प्रदेश से बिजली, पानी और सड़क क्यों गायब हो गये थे? मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासन में शिक्षा व्यवस्था चौपट कर एक पूरी पीढ़ी को बर्बाद करने का सबसे बड़ा अपराध किया। उन्होंने सभा में उपस्थित लोगों से पूछा कि आप लोग जवाब दें कि कांग्रेस ने प्रदेश में 50 साल राज किया,  क्या कभी असहाय लोगों के लिए कुछ किया? उत्तर में उपस्थित जनता ने अस्वीकृति देते हुए कांग्रेस को नकार दिया।

Share:


Related Articles


Leave a Comment