प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में घोटाले की जांच हो: अजय सिंह

राजनीति Aug 06, 2018

खबरनेशन/Khabarnation  प्रदेश में अरबों का घोटाला किसानों के नाम पर हुआ

भोपाल  नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि किसानों के खाते में 35 हजार करोड़ पहुंचाने का दावा करने वाले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सरकार की असलियत रायसेन में प्रधानमंत्री फसल बीमा वितरण में हुए घोटाले ने बता दी है। उन्होंने कहा कि इस तरह का घोटाला पूरे प्रदेश में हुआ है जिसकी प्रधानमंत्री को जांच करवाना चाहिए।

   नेता प्रतिपक्ष सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री पिछले 15 साल से किसानों को धोखा दे रहे हैं। वे अपने भाषणों ओर प्रचार की किताबों में करोड़ों रुपये किसानों को विभिन्न योजनाओं में देना बता रहे हैं लेकिन वास्तव में यह पैसा किसानों को नहीं शिवराज के घोटालों बाजों के खातों में पहुंच रहा है।

   सिंह ने कहा कि अकेले रायसेन जिले में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में 6 करोड़ का घोटाला बताता है कि पूरे प्रदेश में इस तरह का घोटाला बड़े पैमाने हुआ होगा। 60 हजार 833 किसानों में से 59245 किसानों को ही भुगतान मिला। जिन 1588 किसानों के नाम पर बीमा करवाया गया उनके नाम सूची में से गायब हो गये।

    उन्होंने कहा कि आज लगातार किसान आत्महत्या कर रहा है यह घटना इस बात की पुष्टि भी करती है कि किसानों के नाम पर दी जाने वाली रकम उन्हें नहीं भ्रष्टों को मिल रही है।

    सिंह ने कहा कि इसके पहले प्याज खरीदी, दाल, खरीदी, भावांतर में बड़े-बड़े घोटाले किसानों के नाम पर हो चुके है। सिंह ने कहा कि शिवराज सरकार की यह धोखाधड़ी का घड़ा नवम्बर 2018 में फूट जायेगा जब जनता उन्हें सत्ता से निकाल कर फेंकेगी।

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment