नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा 17 को करेंगे पदभार ग्रहण

राजनीति Feb 16, 2020

 

 

खबर नेशन / Khabar Nation

 

                भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा 17 फरवरी को शाम 4ः00 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय, पं. दीनदयाल परिसर में पदभार ग्रहण करेंगे। इस अवसर पर सभी वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे।

पार्टी नेताओं ने नए प्रदेश अध्यक्ष को दी बधाई और शुभकामनाएं

 भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष खजुराहो सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा को उनकी नियुक्ति पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। पार्टी नेताओं ने कहा है कि श्री शर्मा एक कर्मठ और ऊर्जावान कार्यकर्ता रहे हैं तथा उनके अनुभव का लाभ पार्टी को अवश्य मिलेगा। पार्टी नेताओं ने आशा जताई है कि श्री शर्मा के नेतृत्व में पार्टी नई ऊंचाईयां हासिल करेगी।

श्री विष्णुदत्त शर्मा को शुभकामनाएं देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा है कि श्री शर्मा को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से लेकर भारतीय जनता पार्टी तक संगठन के काम का लंबा अनुभव रहा है और वे एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में लगातार पार्टी की मजबूती के लिये काम करते रहे हैं।

 निवृत्तमान प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री राकेश सिंह ने कहा है कि मध्यप्रदेश भाजपा को विष्णुदत्त शर्मा जी के रूप में एक कर्मठ एवं ऊर्जावान युवा नेतृत्व मिला है। हम उनके साथ काम करते हुए संगठन के काम को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश महामंत्री के रूप में श्री शर्मा के साथ काम करने का अनुभव आनंददायक रहा है और प्रदेश अध्यक्ष के रूप में भी हम उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करते रहेंगे।

  विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री गोपाल भार्गव ने श्री शर्मा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्री शर्मा पार्टी के अनुशासित और कर्मठ कार्यकर्ता रहे हैं। महामंत्री के पद पर रहते हुए उन्होंने अपने दायित्वों का बखूबी निर्वाह किया है। उन्होंने आशा जताई कि श्री शर्मा के नेतृत्व में पार्टी नित नई उपलब्धियां हासिल करेगी। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव श्री कैलाश विजयवर्गीय ने श्री शर्मा को बधाई देते हुए कहा है कि उनके राजनीतिक अनुभव से प्रदेश में पार्टी की जमीन को ज्यादा मजबूती मिलेगी।

निवृत्तमान अध्यक्ष श्री राकेश सिंह ने जताया केंद्रीय नेतृत्व, पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं का आभार

भारतीय जनता पार्टी के निवृत्तमान प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री राकेश सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्य करने का अवसर प्रदान करने के लिये के पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा है कि श्री विष्णुदत्त शर्मा के युवा नेतृत्व से पार्टी को नई ऊर्जा प्राप्त होगी। इस अवसर पर श्री राकेश सिंह ने जबलपुर स्थित अपने निवास पर कार्यकर्ताओं के बीच मिष्ठान्न वितरण कर खुशियां मनाई।

 

                निवृत्तमान अध्यक्ष व सांसद श्री राकेश सिंह ने कहा कि मैं पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को धन्यवाद देता हूं कि मुझे प्रदेश अध्यक्ष के रूप में काम करने का अवसर दिया। उन्होंने कहा कि मुझे प्रदेश अध्यक्ष के रूप में करीब पौने दो वर्ष का जो समय मिला, उसमें मुझे पार्टी कार्यकर्ताओं का, हमारे नेतृत्व का और सभी साथियों का भरपूर सहयोग मिला। उसी की बदौलत हम पिछले एक साल में मध्यप्रदेश में 18 आंदोलन करने में सफल रहे। श्री सिंह ने कहा कि मुझे प्रसन्नता है कि एक योग्य और कर्मठ व्यक्ति के हाथों में शीर्ष नेतृत्व ने प्रदेश भाजपा की कमान सौंपी है। उन्होंने कहा कि मैं पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री श्री नरेंद्रसिंह तोमर, श्री थावरचंद गहलोत, श्री प्रहलाद पटेल, राष्ट्रीय महासचिव श्री कैलाश विजयवर्गीय एवं नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव समेत पार्टी के सभी कार्यकर्ताओ का आभारी हूं जिनके सहयोग से मैंने अध्यक्ष के रूप में अपना कार्यकाल पूर्ण किया है।

Share:


Related Articles


Leave a Comment