खुलेआम अड़ीबाजी और सट्टेबाजी चल रही है प्रदेश में इन्हें हैं सरकार का संरक्षण

राजनीति Jul 09, 2018

 

नेता प्रतिपक्ष  सिंह कांग्रेस की नरेला विधानसभा क्षेत्र में चल रही पदयात्रा में शामिल

 

भोपाल 09 जुलाई, नेता प्रतिपक्ष  अजय सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश में खुलेआम अड़ीबाजी और सट्टेबाजों की चल रही है। उसका कारण है कि उन्हें सरकार का सरंक्षण मिला हुआ है। श्री सिंह आज भोपाल की नरेला विधानसभा में डॉ. महेन्द्र सिंह चौहान की पदयात्रा में शामिल होने के उपरांत एक विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। डॉ. महेन्द्र सिंह चौहान की पदयात्रा नरेला विधानसभा में विकास के झूठे वादे और बढ़ती हुई आपराधिक घटनाओं के विरोध में 28 जून से चल रही है, जिसका समापन 12 जुलाई को होगा।  

          नेता प्रतिपक्ष श्री अजय सिंह ने कहा कि आज संपूर्ण मध्यप्रदेश में सरकार के खिलाफ जनता में बेहद आक्रोश व्यापत है,क्योंकि इस सरकार ने विकास के वादे तो बड़े किए लेकिन जमीन पर इन्हें देखने जाए तो इन दावों की पोल खुल जाती है। उन्होंने कहा कि इसका उदाहरण नरेला विधानसभा क्षेत्र है, जो बताता है कि दिया तले ही अंधेरा है। आज भी यह क्षेत्र 15 साल बाद भी विकास के लिए तरस रहा है। नागरिकों का जीवन बदहाल है। थोडी सी ही बारिश में इस क्षेत्र के कई हिस्से जल मग्न हो जाते है और यह सिलसिला लगातार 15 वर्षों से चल रहा है। इसका स्थाई समाधान ही नहीं किया गया।

          नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यह हालात बताते है कि भाजपा सिर्फ शिगुफेबाजी करती रही है। उसके दावे झूठे साबित होते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कहते हैं कि उन्होंने 35 हजार करोड़ किसानों के खाते में डाल दिए। श्री सिंह ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि जब किसानों के खाते में 35 हजार करोड़ डाल दिए गए हैं तो पिछले 15 सालों में 20 हजार किसानों ने आत्महत्या क्यों की। उनके खुद के विधानसभा क्षेत्र बुधनी में किसान आत्महत्या क्यों कर रहे हैं। श्री सिंह ने सवाल किया जब मुख्यमंत्री महिला हितैषी हैं तो बलात्कार में मध्यप्रदेश पूरे देश में अव्वल क्यों हैं। जब वे खुद बच्चियों को मामा बताते हैं तब नाबालिगों के साथ अत्याचार में मध्यप्रदेश नंबर वन क्यों है। श्री सिंह ने कहा कि जब युवाओं के हितैषी है मुख्यमंत्री तो फिर प्रदेश में बेरोजगारी क्यों है। जब मुख्यमंत्री गरीबों के हितैषी है तो हालही में गरीब पंजीकृत हुए है उनकी संख्या करोड़ों में क्यों है। श्री सिंह ने कहा कि इसका जबाव मुख्यमंत्री नहीं दे पाएंगे क्योंकि मुख्यमंत्री पिछले 15 सालों से प्रदेश की जनता को बातों को बताशे बांट रहे हैं।

          नेता प्रतिपक्ष श्री सिंह ने कहा कि अब अवसर आ रहा है जनता झूठी सरकार के झूठे मुख्यमंत्री को सत्ता से उखाड़कर फेंके। 

          सभा को संबोधित करते हुए डॉ. महेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि उठे हजारों हाथ है, हम कांग्रेस के साथ हैं, नारे के साथ कहा कि भारी बरसात में इतनी संख्या में लोग अत्याचार और अन्याय के खिलाफ भाजपा सरकार के विरोध में एकत्रिंत हुए हैं। हम सभी आज संकल्प ले कि इस अन्यायी और अत्याचारी सरकार को आगामी विधानसभा चुनाव में बाहर का रास्ता दिखाएंगे। इस मौके पर कांग्रेस कमेटी के प्रदेश उपाध्यक्ष  साजिद अली, जिलाध्यक्ष  कैलाश मिश्रा, इंटक अध्यक्ष आर.डी. त्रिपाठी, पूर्व विधायक  पी.सी. शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष आसिफ जांकी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव  साजिद अली सहित अन्य वरिष्ठ कांग्रेसीजन उपस्थित थे। 

Share:


Related Articles


Leave a Comment